Highlights:
अकोला जिले के शिवभोजन केंद्रों के लिए कुल 1,63,71,880 रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
शहरी केंद्रों के लिए 1,32,64,280 रुपये और ग्रामीण केंद्रों के लिए 31,07,600 रुपए मंजूर किए गए हैं।
वर्ष 2026 के इन तीन महीनों में वितरित थालियों की संख्या ई-पॉस प्रणाली के माध्यम से निर्धारित की गई।
Akola Shivbhojan Grant: शिवभोजन योजना के अंतर्गत अकोला जिले के केंद्रों का लंबे समय से प्रलंबित अनुदान मंजूर होने से राहत मिली है। जिले के लिए 1 करोड़ 63 लाख 71 हजार 880 रु. का अनुदान स्वीकृत किया गया है। इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे शिवभोजन केंद्रों के सुचारु संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
अनुदान मिलने में देरी के कारण केंद्र संचालकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समय पर निधि नहीं मिलने पर कुछ केंद्र बंद होने की आशंका भी जताई जा रही थी। ऐसे में अनुदान मंजूर होने से जरूरतमंदों को रियायती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने वाली योजना को मजबूती मिलेगी।
जून से अगस्त तक वितरित थालियों के आधार पर अनुदान वर्ष 2026 के जून, जुलाई और अगस्त महीने के दौरान वितरित थालियों की संख्या के आधार पर अनुदान निर्धारित किया गया है। थालियों की संख्या ई-पॉस प्रणाली के माध्यम से तय की गई है। शहरी केंद्रों को प्रति थाली 40 रु. और ग्रामीण केंद्रों को प्रति थाली 25 रु. के हिसाब से अनुदान दिया जाएगा। जिले के लिए शहरी केंद्रों के वास्ते 1 करोड़ 32 लाख 64 हजार 280 रु., जबकि ग्रामीण केंद्रों के लिए 31 लाख 7 हजार 600 रु. मंजूर किए गए हैं।
गरीब और जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तत्कालीन महाविकास आधाड़ी सरकार ने शिवभोजन थाली योजना शुरू की थी। शुरुआत में अकोला के कृषि उपज मंडी परिसर और सर्वोपचार अस्पताल में प्रतिदिन 200 थालियों की क्षमता वाले केंद्र शुरू किए गए थे। बाद में कोविड महामारी के दौरान थालियों का निर्धारित लक्ष्य बढ़ाया गया।
इसके बाद जिले में योजना का विस्तार हुआ और जरूरतमंदों को इसका लाभ मिलने लगा, पिछले कुछ समय से अनुदान समय पर नहीं मिलने के कारण केंद्र संचालकों के सामने आर्थिक सकट खड़ा हो गया था। केंद्रों का संचालन प्रभावित होने की स्थिति में कम आय वाले लोगों को सस्ती दर पर भोजन मिलने में परेशानी हो सकती थी। अब मंजूर अनुदान से केंद्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जिले में शिवभोजन योजना के तहत अकोला शहर में सबसे अधिक 26 केंद्र संचालित हैं। जहां प्रतिदिन 2,850 थालियों का लक्ष्य निर्धारित है। इसके अलावा अकोला ग्रामीण, अकोट, तेल्हारा, पातुर, बार्शीटाकली और मुर्तिजापुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी केंद्रों के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।