Akola Municipal Corporation: पहली ही बारिश में अकोला महानगरपालिका के विकास कार्यों और नाला सफाई के दावों की पोल खुलने के बाद पश्चिम अकोला के विधायक साजिद खान पठान ने सोमवार को कांग्रेस के पार्षदों के साथ मनपा आयुक्त सुनील लहाने से मुलाकात कर शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर नागरिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी कुर्सियों पर बैठने नहीं दिया जाएगा।
मनपा आयुक्त के कक्ष में आयोजित बैठक में विधायक पठान ने शहर की जर्जर सड़कों, अधूरी नाला सफाई, भूमिगत गटर परियोजना की अव्यवस्था और नागरिकों को हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पहली ही बारिश में कई क्षेत्रों में नालों का पानी सीधे लोगों के घरों में घुस गया, जिससे मनपा द्वारा नाला सफाई के किए गए दावों की वास्तविकता सामने आ गई।
परियोजना के तहत बिना स्वीकृत निधि वाले कई मार्गों की खुदाई किए जाने पर भी गंभीर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने बिना योजना के सड़कें खोदकर छोड़ दी है। स्थायी मरम्मत होने तक सड़कों पर मुरूम डालकर उन्हें यातायात योग्य बनाने के निर्देश देने की भी मांग की।
विधायक साजिद खान पठान ने कहा कि शहर के अनेक नालों की सफाई अधूरी रहने के कारण बारिश का पानी सीधे लोगों के घरों में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने सभी नालों की युद्धस्तर पर पुनः सफाई कराने तथा जल निकासी की समस्या वाले क्षेत्रों में नए आउटलेट बनाकर स्थायी समाधान करने की मांग की। बैठक के दौरान मनपा आयुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए चार दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।