Highlights:
अकोला जिले में बारिश की कमी से कपास की फसल को भारी नुकसान, कई किसानों को एक एकड़ में सिर्फ 50 किलो उत्पादन।
एक सप्ताह में कपास के दाम करीब 600 रुपए प्रति क्विंटल घटकर 8,600 से 8,700 रुपए तक पहुंचे।
कुछ दिन पहले कपास का भाव 9,500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचा था।
Akola Cotton Farmers: संपूर्ण जिले में बारिश की कमी के कारण कई खरीफ फसलें बर्बाद हुई हैं। उस में सर्वाधिक नुकसान कपास की फसल का हुआ है क्यों कि सर्वाधिक लागत कपास की फसल में ही लगती है। विशेष बात यह है कि जहां एक एकड़ में कपास का भरपूर उत्पादन होता था इस वर्ष किसी को एक एकड़ में 50 किलो पर ही संतोष करना पड़ा है तो किसी को उत्पादन इससे भी कम मिला है। इस कारण जिले भर में किसान चिंचित और परेशान दिखाई दे रहे हैं।
कपास के दाम भी कम हुए जिले के पातुर, बालापुर, और कुछ तहसील के कपास उत्पादक किसान इस साल दोहरी मार झेल रहे हैं। अनियमित बारिश के कारण पहले ही उत्पादन में कमी आई है, वहीं अब बाजार में कपास के भाव गिरने से किसानों का बजट बिगड़ गया है। एक सप्ताह के भीतर कपास के दाम प्रति क्विंटल करीब 600 रु. घटकर 8,600 से 8,700 रु. तक आ गए हैं। सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू नहीं होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
कपास की बुआई से लेकर चुनाई तक किसानों को भारी खर्च करना पड़ रहा है। बीज, रासायनिक खाद, कीटनाशक, छिड़काव, मजदूरी और खेत की तैयारी पर लगातार खर्च बढ़ रहा है।
इसके बावजूद उपज का उचित दाम नहीं मिलने से खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। अच्छा भाव मिलने की उम्मीद में कई किसानों ने कपास घर में जमा करके रखा था। कुछ दिन पहले कपास का भाव 9,500 रु. प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था। अब इसमें गिरावट आने से किसानों को प्रत्येक क्विंटल पर करीब 600 रु. का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
तेल्हारा तहसील के तड़ेगांव बाजार निवासी एक किसान ने बताया कि कपास की फसल के लिए पूरे साल मेहनत करनी पड़ती है। बीज, खाद, दवाइयों और मजदूरी का खर्च काफी बढ़ गया है।
अनियमित बारिश से उत्पादन प्रभावित हुआ और अब बिक्री के समय बाजार भाव गिरने से आर्थिक नियोजन बिगड़ गया है। 9,500 रु. प्रति क्विंटल तक पहुंचा कपास का भाव घटकर 8,600 रु. तक आने से किसानों को बड़ा नुकसान हो रहा है।