Kopargaon Municipal Council News: कोपरगांव (वैजापुर) नगर पालिका ने शहर में प्री-मानसून नाला सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का शुभारंभ मेयर पराग संधान की मौजूदगी में किया गया। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने पहले ही एहतियाती कदम उठाते हुए प्रमुख नालों की सफाई शुरू कर दी है।
नगर पालिका के अनुसार, गोकुलनगरी पुल से नदी तक खंदक नाले सहित अधाव बस्ती से खड़की क्षेत्र तक के मुख्य नालों की सफाई युद्ध स्तर पर की जा रही है। नालों में जमा सिल्ट, कचरा और अन्य गंदगी हटाई जा रही है ताकि बारिश के दौरान पानी का बहाव सुचारु बना रहे और जलभराव की समस्या न हो।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि विवेक कोल्हे के मार्गदर्शन में शहर की सफाई, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर के सभी नालों की सफाई योजनाबद्ध तरीके से की जाए और कहीं भी कचरा या कीचड़ जमा न रहने दिया जाए। इस अवसर पर मेयर पराग संधान ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में डिप्टी मेयर जितेंद्र रणशूर, ग्रुप लीडर प्रसाद अढाव, वैभव अढाव, संदीप देवकर, विजया देवकर, कैलाश मंजुल और संजय उदावंत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इधर, शहर में जाम नालियों और बढ़ती बदबू को लेकर NCP कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन की आलोचना की है। NCP कार्यकर्ता विजय त्रिभुवन ने आरोप लगाया कि शहर के कई हिस्सों में नालियां अब भी जाम हैं और सीवेज का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
ये भी पढ़े: नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, यवतमाल में अतिक्रमण पर बुलडोजर, गोधनी मार्ग से 45 कब्जे हटाए
उन्होंने कहा कि नालियों की उचित सफाई नहीं होने से शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू- मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। विजय त्रिभुवन ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पक्ष केवल उद्घाटन और घोषणाओं में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था प्रभावी नहीं दिखाई दे रही। उन्होंने मांग की कि शहर में केवल दिखावटी अभियान चलाने के बजाय वास्तविक और प्रभावी सफाई कार्य किए जाएं ताकि नागरिकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।