सांकेतिक तस्वीर 
अहमदनगर

पहले युवक को बेरहमी से पीटा फिर ऊपर पेशाब कर जाति पर किया कमेंट, महाराष्ट्र के अहिल्यानगर की घटना

Ahilyanagar News: अहिल्यानगर में 22 वर्षीय युवक का अपहरण कर 11 लोगों ने बुरी तरह पीटा, पेशाब किया और जातिगत टिप्पणी की। 3 आरोपी गिरफ्तार, प्रकाश आंबेडकर ने मकोका के तहत कार्रवाई की मांग की।

अर्पित शुक्ला

Mumbai News: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में 11 लोगों के एक समूह ने 22 वर्षीय एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की, उस पर पेशाब किया और उसकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। घटना 19 अक्टूबर की शाम सोनाई गांव (तहसील नेवासा) में हुई, जब पीड़ित और उसका मित्र एक अस्पताल के पास खड़े थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी संभाजी लांडे का पीड़ित से पुराना विवाद था। वह साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सबने युवक पर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। जब पीड़ित का दोस्त बीच-बचाव करने आया, तो उसे भी मारा गया। इसके बाद आरोपी पीड़ित को एक काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए और वहां भी उसकी पिटाई की।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित पर कथित तौर पर पेशाब किया और उसकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं। लगभग एक घंटे तक मारपीट करने के बाद आरोपी उसे एक कॉलेज के पास फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित के माता-पिता ने उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, खतरनाक हथियार से हमला और अपहरण के आरोप में तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

इस बीच, वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की मांग की है। दलित नेता ने बृहस्पतिवार को एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने पीड़ित के पिता से बात की और परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि आरोपियों पर मकोका के तहत कार्रवाई की जाए। मैं जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करूंगा।” -एजेंसी इनपुट के साथ

ISI कनेक्शन और बड़ी साजिश! सुखबीर बादल पर हमलों को लेकर भड़कीं हरसिमरत, गृहमंत्री से की NIA जांच की मांग

Vande Mataram Controversy: सोनिया गांधी के बचाव में कांग्रेस-TMC-DMK, CPI-M ने पूछा- पार्टी का रुख क्या है?

लगातार किया गया बदनाम...पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी की मौत पर छलका ममता बनर्जी का दर्द, कहा- झूठे आरोप लगाए गए

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोलियां; बंगाल में आशीष बनर्जी ने की आत्महत्या

बंगाल में CJP कार्यकर्ता के पिता की पीट-पीटकर हत्या, बीजेपी पर हमला कराने का आरोप; CM शुभेंदु का आया बयान