Mango Side Effects: मुंबई में तरबूज खाने से हुई फूड पॉइजनिंग की घटना अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब अहिल्यानगर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ आम का रस खाने के बाद एक ही परिवार के 7 सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अहिल्यानगर के जायभाय परिवार ने बाजार से आम खरीदे थे। रात के खाने के दौरान परिवार के सभी सदस्यों ने बड़े चाव से आमरस का आनंद लिया। हालांकि, खुशियों भरा यह डिनर कुछ ही देर में चीख-पुकार में बदल गया। आमरस खाने के कुछ ही समय बाद, परिवार के सदस्यों को बेचैनी होने लगी और एक-एक करके सभी बेहोश होने लगे। इस घटना में एक चार साल की मासूम बच्ची भी शामिल थी। गनीमत यह रही कि परिवार का बड़ा भाई उस समय भोजन नहीं कर रहा था क्योंकि वह देर से खाना खाता था। जब उसने देखा कि घर के सभी सदस्य अचानक जमीन पर गिरकर बेहोश हो रहे हैं, तो उसने बिना समय गंवाए सभी को पास के एशियन हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
एशियन हॉस्पिटल के डॉ. सचिन पांडुले ने बताया कि जब मरीजों को अस्पताल लाया गया, तो उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर थी और वे पूरी तरह बेहोश थे। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज प्रक्रिया शुरू की। लगातार तीन दिनों तक चले गहन उपचार के बाद 6 सदस्यों की स्थिति में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज दे हुआ है। हालांकि, परिवार के एक सदस्य का उपचार अभी भी जारी है, जिनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार, यह स्पष्ट रूप से फूड पॉइजनिंग का मामला है। प्राथमिक अनुमान लगाया जा रहा है कि आमों को प्राकृतिक रूप से पकने देने के बजाय उन्हें जल्दी पकाने के लिए कैलशियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल किया गया होगा। ये रसायन शरीर में जाकर जहर का काम करते हैं और नर्वस सीस्टम पर सीधा हमला करते हैं, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है।
यह भी पढ़ें: बांद्रा पूर्व की सियासी जंग: किरीट सोमैया को दिखे बांग्लादेशी, तो जीशान को मासूम… महायुति में तालमेल की कमी?
फलों का राजा आम हर किसी को पसंद है, लेकिन बाजार में बिकने वाले रसायनों से पके आम आपकी जान के दुश्मन बन सकते हैं। सुरक्षित रहने के लिए इन सुझावों का पालन करें। जो आम पूरी तरह से एक समान पीले रंग के दिखते हैं और उन पर कोई भी हरा धब्बा नहीं होता, वे अक्सर रसायनों से पकाए गए होते हैं। प्राकृतिक रूप से पके आमों का रंग थोड़ा असमान हो सकता है।