Ahilyanagar Harinam Saptah Vande Mataram Record: संत योगीराज गंगागिरी महाराज के 179वें अखंड हरिनाम सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को अहिल्यानगर में भक्ति, राष्ट्रभक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर करीब एक लाख लोगों ने एक साथ 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति दर्ज कराते हुए श्रद्धालुओं को संबोधित किया और इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की संत परंपरा, वारकरी संप्रदाय और हरिनाम की परंपरा देश की संस्कृति और संस्कारों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता अत्यंत प्राचीन है। हजारों वर्षों में देश पर अनेक आक्रमण हुए, लेकिन वारकरी, हरिनाम, सनातन और हिंदू परंपराओं ने भारत की संस्कृति और सभ्यता को अक्षुण्ण बनाए रखा।
फडणवीस ने कहा कि संत योगीराज गंगागिरी महाराज के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में श्रद्धालु हरिनाम का जाप कर रहे हैं। हरिनाम के माध्यम से व्यक्ति के भीतर का 'मैं' का भाव समाप्त होता है और हर व्यक्ति में विठ्ठल के दर्शन की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता और संस्कारों को जीवित रखते हुए उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का यह पवित्र कार्य लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री ने लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति को इस ऐतिहासिक भक्तिसोहले की विशेषता बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया। इस दौरान फडणवीस ने श्रद्धालुओं के साथ फुगड़ी खेलकर हरिनाम सप्ताह में सहभागिता भी की।
66 फडणवीस ने कहा कि सरकार ने किसानों को कर्जमाफी देने का वादा किया था और इसके तहत 56 लाख किसानों को कर्जमाफी देने की प्रक्रिया जारी है। हर 15 दिन में नई सूची तैयार कर कर्जमाफी की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को मुफ्त बिजली देने का निर्णय लिया गया है। फिलहाल 75 प्रतिशत किसानों को दिन में आठ घंटे बिजली मिल रही है। चरणबद्ध तरीके से 100 प्रतिशत किसानों को दिन में
बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। आने वाले समय में पूरे वर्ष 12 घंटे मुफ्त बिजली देने की दिशा में सरकार काम कर रही है। किसानों की बिजली बिल की बकाया राशि भी माफ की गई है। फडणवीस ने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सर्वांगीण हित के लिए सरकार मजबूती से उनके साथ खड़ी है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, विधायक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सराला बेट के विकास का आराखड़ा तैयार कर काम शुरू कर दिया है। वहां सभागृह का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा सड़क, बाढ़ सुरक्षा और सौर ऊर्जा परियोजनाओं का काम भी शुरू किया गया है।
आने वाले समय में सरला बेट को श्रद्धालुओं के लिए सुंदर और ऊर्जादायी आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार सरला बेट को प्रमुख तीर्थक्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।