Highlights :
विदिशा जिले के गंजबासौदा के गायत्री नगर में दर्दनाक हादसा।
65 वर्षीय की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत।
तीसरी मंजिल के छज्जे पर गुटखा थूकते समय हुआ हादसा।
करंट लगने के बाद बुजुर्ग का शव रेलिंग पर अटक गया।
रहवासियों ने मकानों के करीब से गुजर रही बिजली लाइन पर सवाल उठाए।
High Tension Line Accident Death : एमपी के विदिशा जिले के गंजबासौदा में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना गायत्री नगर के वार्ड नंबर 6 में हुई। जहां मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े बुजुर्ग गुटखा थूकते समय 11 केवी लाइन की चपेट में आ गए।
करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनका शव छज्जे की रेलिंग पर अटक गया।
मृतक की पहचान प्रभुलाल गुप्ता (65) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वो अपने मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे। इसी दौरान गुटखा थूकते समय उनका सिर या शरीर मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वो गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बुजुर्ग का शव छज्जे की रेलिंग पर ही अटक गया। ये दृश्य देखकर आसपास के लोग सहम गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि मकानों के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें हादसों का खतरा पैदा कर रही हैं। रहवासियों ने दावा किया कि लाइन हटाने या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए पहले भी शिकायतें की गई थीं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलने पर गंजबासौदा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा मानकों के पालन में कोई चूक हुई थी या नहीं।