Highlights :
विदिशा में 16 वर्षीय नाबालिग से जुड़ा मामला सामने आया।
NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस पर सवाल उठाए।
लड़कों के PG फ्लैट से नाबालिग को अस्पताल ले जाने का दावा।
फ्लैट के बाहर डस्टबिन में मिले कपड़ों को कथित सबूत बताया।
Priyank Kanungo Raises Questions Over Vidisha Minor Girl Case : एमपी के विदिशा में 16 साल की नाबालिग लड़की से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उनके मुताबिक 14 नवंबर को एक लड़कों के पीजी फ्लैट में नाबालिग लड़की के प्राइवेट पार्ट से अत्यधिक ब्लीडिंग होने की स्थिति में कुछ युवक उसे चोरी छिपे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले गए। इन युवकों में मेडिकल कॉलेज के छात्र भी शामिल होने की बात कही गई है।
प्रियंक कानूनगो ने अपनी पोस्ट में एक दूसरे वीडियो का भी जिक्र किया है। इसमें कथित तौर पर उसी फ्लैट के बाहर डस्टबिन में कुछ कपड़े रखे दिखाई दे रहे हैं। कानूनगो के मुताबिक इन कपड़ों को नष्ट करने के लिए ले जाया जा रहा था तभी एक सजग व्यक्ति की नजर उन पर पड़ गई। उसके शोर मचाने पर संदिग्ध युवक मौके से भाग गए। उन्होंने आशंका जताई है कि मामले से जुड़े सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की गई हो सकती है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बावजूद पुलिस कथित तौर पर मौके से सबूत जब्त करने नहीं पहुंची। उन्होंने ये भी दावा किया कि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी और बाल कल्याण समिति (CWC) को भी उनके हस्तक्षेप के बाद सूचना दी गई। कानूनगो ने आरोप लगाया कि पुलिस सबूत जुटाने के बजाय नाबालिग के बयान के आधार पर मामले को रफा दफा करने की कोशिश कर रही है जो पॉक्सो कानून के प्रावधानों के विपरीत हो सकता है।
प्रियंक कानूनगो ने अपनी पोस्ट में ये भी दावा किया कि फ्लैट में रहने वाले युवक कथित तौर पर एक प्रभावशाली व्यक्ति के रिश्तेदार हैं। उन्होंने जाति और गोत्र के रिश्तों का हवाला देते हुए मामले में दबाव की आशंका भी जताई है। कानूनगो के मुताबिक, सजग कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल इस मामले में नाबालिग की मेडिकल स्थिति, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और कथित साक्ष्यों को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने आना जरूरी है। प्रियंक कानूनगो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए साक्ष्य सुरक्षित करने और कानूनी प्रक्रिया के पालन की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू करती है या नहीं और बाल कल्याण समिति की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।