108 वाहन में गूंजी किलकारी,जन्माष्टमी के दिन महिला ने दिया बेटे को जन्म (सोर्स- नवभारत लाइव)
उमरिया

उमरिया: जन्माष्टमी पर एम्बुलेंस में गूंजी किलकारी, 108 टीम बनी ‘नंदलाल’ के जन्म की साक्षी

Ambulance Delivery Umaria: कृष्ण जन्माष्टमी पर एम्बुलेंस में गूंजी नवजात की किलकारी, पड़ेरा निवासी प्रसूता को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुआ सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों नौरोजाबाद सुरक्षित।

दीपक ताम्रकार, सजल रघुवंशी

Baby Born In Ambulance Umaria: उमरिया जिले में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जब मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी समय उमरिया जिले के करकेली क्षेत्र के ग्राम पड़ेरा में एक 108 एम्बुलेंस के भीतर नवजात की किलकारी गूंज उठी। जन्माष्टमी के दिन हुए इस अनोखे प्रसव ने परिवार के साथ-साथ 108 एम्बुलेंस टीम के लिए भी इस दिन को यादगार बना दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पड़ेरा निवासी 22 वर्षीय सिलोचिनी बाई गोंड को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रबंधक के निर्देश पर पायलट प्रदीप कचेर तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रसूता को अस्पताल लेकर रवाना हुए।

रास्ते में बढ़ी प्रसव पीड़ा, एम्बुलेंस में कराया प्रसव

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में प्रसूता की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट प्रदीप कचेर ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। समय की नजाकत को समझते हुए उन्होंने एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराने में मदद की। कुछ ही देर में 108 एम्बुलेंस के भीतर नवजात की किलकारी गूंज उठी। बच्चे के जन्म के बाद परिवार की चिंता खुशी में बदल गई। इसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित नौरोजाबाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। फिलहाल दोनों अस्पताल में उपचाररत हैं।

जन्माष्टमी पर जन्म, परिवार के लिए बना यादगार पल

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दिन नवजात के जन्म से परिवार की खुशियां दोगुनी हो गईं। वहीं, इस घटना ने आपातकालीन 108 सेवा की तत्परता और सेवाभाव को भी सामने रखा।मुश्किल परिस्थिति में समय पर मौके पर पहुंचना और रास्ते में प्रसव जैसी आपात स्थिति का सामना करते हुए सुरक्षित प्रसव में सहयोग करना 108 टीम की कार्यकुशलता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।

जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने एम्बुलेंस चालक को सराहा

जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने पायलट प्रदीप कचेर की तत्परता, सूझबूझ और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य की सराहना की। जन्माष्टमी की इस पावन बेला में एम्बुलेंस के भीतर गूंजी नवजात की किलकारी ने एक भावुक संदेश दिया—जहां समय पर सेवा पहुंचती है, वहां उम्मीद भी जन्म लेती है।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में क्यों हो रहा है प्रदर्शन? समर्थन में पहुंचे इमरान मसूद को पुलिस ने किया डिटेन

MLC Election 2026: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए