Ujjain Youth Congress Protest : उज्जैन शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में जिला युवक कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर शहर में अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई। युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों के बीच डर का माहौल बन रहा है।
ज्ञापन में युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि पिछले करीब 30 दिनों में उज्जैन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आपसी विवादों के चलते पांच जघन्य हत्याएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं के चलते शहर की शांति व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में भय बढ़ रहा है और विशेष रूप से रात के समय लोग घर से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे हैं।
युवक कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से शहर में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि रात के समय प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और सुनसान स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जानी चाहिए। इसके साथ ही शहर के विभिन्न रास्तों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की गई, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ज्ञापन में युवक कांग्रेस ने चाकू और अन्य हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्धों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी। संगठन ने कहा कि आदतन अपराधियों और शहर में दहशत फैलाने वाले तत्वों पर रासुका सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस की लगातार चेकिंग और कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि उज्जैन विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां देशभर से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से अपराधों पर तत्काल अंकुश लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त निगरानी रखने की मांग की गई। युवक कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन इन मांगों पर जल्द प्रभावी कार्रवाई करेगा।