

Gwalior Run for One Time Fee: सरकारी भर्ती परीक्षाओं में वन टाइम फीस (OTF) व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने ग्वालियर में 'रन फॉर वन टाइम फीस' मैराथन का आयोजन किया। फूलबाग मैदान से शुरू हुई यह मैराथन मेला ग्राउंड तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
युवा कांग्रेस का कहना है कि वर्तमान में सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों को अलग-अलग परीक्षाओं में बार-बार आवेदन शुल्क जमा करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। इसी के विरोध में संगठन ने यह अभियान शुरू किया है और सरकार से वन टाइम फीस व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
मैराथन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए। सभी नेताओं ने युवाओं के साथ दौड़ लगाकर अभियान को समर्थन दिया और सरकार से भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग की।
इस दौरान नेताओं ने कहा कि प्रदेश और देश में लाखों युवा रोजगार की तलाश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग शुल्क लेना युवाओं पर आर्थिक दबाव बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि यदि वन टाइम फीस व्यवस्था लागू की जाती है तो अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और भर्ती प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुलभ बन सकेगी।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ भर्ती प्रक्रिया में भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के हित में जल्द से जल्द OTF व्यवस्था लागू करने पर विचार करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।