हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वालों को चॉकलेट देते हुए उज्जैन एसपी  (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
उज्जैन

उज्जैन में ट्रैफिक पुलिस की अनोखी पहल, हेलमेट-सीट बेल्ट वालों को चॉकलेट और की-रिंग; नियम तोड़ने वालों के चालान

Ujjain Traffic Police Initiative: उज्जैन ट्रैफिक पुलिस की अनोखी पहल, हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने वालों को चॉकलेट और की-रिंग, नियम तोड़ने वालों पर चालान।

अजय नीमा, सजल रघुवंशी

Helmet Seat Belt Awareness Campaign Ujjain: उज्जैन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उज्जैन यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाया जा रहा यह अभियान 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान पुलिस एक ओर नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित कर रही है, वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

यातायात डीएसपी मनोज खत्री ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। इसी के तहत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने वाले वाहन चालकों को पुलिसकर्मी चॉकलेट और चाबी का छल्ला देकर सम्मानित कर रहे हैं। पुलिस की इस पहल का मकसद नियमों का पालन करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना और दूसरे वाहन चालकों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करना है।

हेलमेट, सीट बेल्ट के साथ दस्तावेजों की भी जांच

अभियान के दौरान यातायात पुलिस वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के साथ-साथ वाहन के जरूरी दस्तावेज अपने पास रखने के लिए भी जागरूक कर रही है। पुलिस द्वारा वाहन का इंश्योरेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जहां वाहन चालक नियमों का पालन करते हुए पाए जा रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर चालानी कार्रवाई की जा रही है।

नुक्कड़ नाटक से समझाया जा रहा यातायात का महत्व

यातायात पुलिस द्वारा अभियान को केवल चेकिंग तक सीमित नहीं रखा गया है। लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। नुक्कड़ नाटक सहित अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों और आम लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि लोग चालान के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

हादसों में कमी लाना पुलिस का लक्ष्य

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार अभियान और जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं। इन प्रयासों के चलते पिछले आठ महीनों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। पुलिस का मुख्य लक्ष्य सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकना है। एसपी ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें और जरूरी दस्तावेज साथ रखें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है और थोड़ी सी सावधानी सड़क पर किसी की जिंदगी बचा सकती है।

CEC ज्ञानेश कुमार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, निलंबन की मांग की हुई खारिज; खबर के आधार पर आदेश देने से मना

Aadhaar Name Update Rules: UIDAI ने जारी की नई SOP, जानिए आधार कार्ड में नाम सुधारने के नए नियम

राष्ट्रपति भवन में स्विस राष्ट्रपति गाइ का भव्य स्वागत, भारत से रिश्तों पर कही बड़ी बात, देखें VIDEO

मान की ईमानदारी का उतरा मुखौटा, CBI जांच के आदेश पर मजीठिया का हमला, बोले- अब सबका हिसाब होगा

Delhi HC: जामिया हिंसा और दिल्ली दंगों से जुड़ी कई याचिकाएं खारिज, कपिल मिश्रा-प्रवेश वर्मा का भी था जिक्र