उज्जैन में आवारा कुत्ते ने व्यक्ति का अंगूठा चबाया (सोर्स- सोशल मीडिया)
उज्जैन

उज्जैन में आवारा श्वान का आतंक, बुजुर्ग को नोचकर लगाए 5 टांके; घर में घुसकर युवक का चबाया अंगूठा

Ujjain Dog Terror: उज्जैन में आवारा कुत्तों का खौफ, हाटकेश्वर कॉलोनी में एक ही कुत्ते ने दो लोगों पर किया हमला, बुजुर्ग को सड़क पर गिराकर काटा तो घर में घुसे श्वान ने युवक का अंगूठा चबाया।

अजय नीमा, सजल रघुवंशी

Stray Dog Attack Ujjain: उज्जैन में आवारा श्वानों का आतंक अब लोगों के लिए बड़ी चिंता बनता जा रहा है। मंगलवार सुबह हाटकेश्वर कॉलोनी में कुछ ही देर के अंतराल में एक ही आवारा कुत्ते ने दो लोगों पर हमला कर दिया। पहली घटना में स्कूल से बच्चों को छोड़कर लौट रहे बुजुर्ग मांगीलाल खत्री पर कुत्ते ने हमला कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और शरीर के कई हिस्सों पर काटकर घायल कर दिया।

वहीं दूसरी घटना में एक आवारा कुत्ता बबलू पिता हीरालाल के घर में घुस गया। उसे बाहर निकालने की कोशिश के दौरान कुत्ते ने युवक का हाथ दबोच लिया और अंगूठे को बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बुजुर्ग को सड़क पर गिराकर बुरी तरह नोचा

पहली घटना शांति पैलेस के पीछे की बताई जा रही है। मांगीलाल खत्री अपने पोता-पोती को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उन्हें जमीन पर गिराने के बाद हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। हमले में उन्हें कई गंभीर जख्म आए। परिजन घायल मांगीलाल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनके पांच टांके लगाए गए।

घर में घुसे कुत्ते को भगाने की कोशिश में युवक घायल

इसी इलाके में हुई दूसरी घटना में आवारा कुत्ता बबलू के घर में घुस गया। युवक ने जब उसे बाहर निकालने की कोशिश की तो कुत्ते ने उसके हाथ को दबोच लिया। हमले में बबलू का अंगूठा बुरी तरह घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत को देखते हुए उपचार के लिए भर्ती किया गया। घटनाओं के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं।

दो महीने से प्रभावित श्वान नियंत्रण, टेंडर में नहीं मिली एजेंसी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्चों और बुजुर्गों पर श्वानों के हमले की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन नगर निगम में शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक श्वान नियंत्रण के लिए निगम अब तक पांच बार टेंडर जारी कर चुका है, लेकिन प्रक्रिया सफल नहीं हो सकी। 17 जुलाई को जारी पांचवें टेंडर में भी किसी एनजीओ ने हिस्सा नहीं लिया। एजेंसी नहीं मिलने से करीब दो महीने से नसबंदी, एंटी रैबीज वैक्सीनेशन और श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई प्रभावित बताई जा रही है। रहवासियों का कहना है कि निगम एप और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों के बावजूद टीम मौके पर नहीं पहुंचती। अब निगम ने नया टेंडर जारी किया है, जिसे 17 अगस्त को खोला जाना प्रस्तावित है।

विदेश नीति से यूसीसी तक: शायना NC ने मणिशंकर अय्यर, राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह को घेरा

बीजेपी ने जारी की UP राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट, जानिए किसे मिला टिकट

किरेन रिजिजू ने बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन को किया सम्मानित, कहा, पूरे देश के लिए गर्व का क्षण, देखें VIDEO

अपराधियों के मन में मौत का डर जरूरी... दिल्ली में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पुलिस को दिए आदेश

चुनाव में याद आते हैं जाति-धर्म, बाढ़ में सब डूब जाता है, सांसद पप्पू यादव का केंद्र और राज्य सरकार पर तंज