Highlights:
उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर की प्राचीन प्रतिमा को बचाने के लिए श्रद्धालुओं ने सोशल मीडिया पर अभियान शुरू किया।
मंदिर और आसपास QR कोड लगाए गए, स्कैन करते ही इंस्टाग्राम पेज से जुड़ सकेंगे लोग।
श्रद्धालुओं का दावा है कि तीन दिन में 5 हजार से अधिक लोग सोशल मीडिया पेज से जुड़ चुके हैं।
Ujjain Khade Hanuman Temple Save QR Campaign on Instagram : उज्जैन स्थित खड़े हनुमान मंदिर की प्राचीन प्रतिमा को विस्थापित किए जाने की आशंका के बीच अब श्रद्धालुओं ने सोशल मीडिया पर जनसमर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। मंदिर में 15 दिन के भीतर दो बार जांच टीम पहुंचने के बाद भक्तों की चिंता बढ़ गई है।
प्रतिमा को उसके मूल स्थान से हटाए जाने की आशंका के चलते श्रद्धालु मंदिर को बचाने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। अब इस मुहिम को सोशल मीडिया के जरिए व्यापक स्तर पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
खड़े हनुमान मंदिर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की ओर से इंस्टाग्राम पेज से जुड़ने के लिए QR कोड लगाए गए हैं। ये QR कोड मंदिर परिसर के साथ आसपास लगे बिजली के खंभों पर भी दिखाई दे रहे हैं। इन्हें स्कैन करने पर लोग खड़े हनुमान मंदिर के इंस्टाग्राम पेज से जुड़ सकते हैं। भक्तों का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मंदिर से जुड़ी गतिविधियों और प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी पहुंचाना है। बताया जा रहा है कि इस पहल के जरिए महज तीन दिनों में 5 हजार से अधिक लोग इंस्टाग्राम पेज से जुड़ चुके हैं।
खड़े हनुमान मंदिर को बचाने के लिए सक्रिय श्रद्धालु अब सोशल मीडिया को अपनी आवाज बनाने में जुटे हैं। भक्तों के बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों की तर्ज पर उज्जैन में भी जनसमर्थन जुटाने की चर्चा है। सोशल मीडिया टीम के माध्यम से लोगों को मुहिम से जोड़ने और मंदिर से संबंधित जानकारियां साझा करने की तैयारी की जा रही है। QR कोड के जरिए लोगों तक सीधे पहुंचने की यह पहल इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि सोशल मीडिया पर लोगों को जोड़ने के लिए इंस्टाग्राम पेज किसने बनाया है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। हालांकि, श्रद्धालु लगातार खड़े हनुमान मंदिर को बचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के करीब तीन महीने बाद भी प्राचीन प्रतिमा उसी स्थान पर टेंट के नीचे विराजमान है। प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर कैनोपी लगाई गई है।
रविवार सुबह करीब 6 बजे प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची थी। टीम ने प्रतिमा के आसपास रखी सामग्री हटवाकर करीब आधे से पौने घंटे तक स्कैनिंग की। इस प्रक्रिया के लिए मंदिर के पुजारी को भी बुलाया गया था। इससे पहले इंदौर, भोपाल सहित अन्य स्थानों से विशेषज्ञों की टीमें बुलाकर जमीन और प्रतिमा के आधार की जांच कराई जा चुकी है।
रविवार को हुई स्कैनिंग की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। फिलहाल श्रद्धालु प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर ही सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच रिपोर्ट को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।