Highlights:
उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में मुस्लिम परिवार की आस्था।
देपालपुर निवासी इरफान पत्नी और दो साल के बेटे के साथ करते हैं नियमित दर्शन।
बेटी और बेटे के जन्म के बाद परिवार की खड़े हनुमान के प्रति बढ़ी विशेष आस्था।
Muslim Family Visits Khade Hanuman Temple in Ujjain : धर्म और आस्था से जुड़ी एक अलग मिसाल उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में देखने को मिली है। देपालपुर निवासी इरफान लाला अपने परिवार के साथ नियमित रूप से मंदिर पहुंचकर हनुमानजी के दर्शन करते हैं।
मुस्लिम परिवार से आने वाले इरफान अपनी पत्नी इसराद और दो साल के बेटे अबान के साथ खड़े हनुमान के दर्शन करने आते हैं। उनका कहना है कि परिवार में बच्चों के जन्म के बाद से खड़े हनुमानजी के प्रति उनकी विशेष आस्था है।
इरफान ने बताया कि परिवार में पहले चार बार गर्भधारण के प्रयास सफल नहीं हुए थे। इस दौरान परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई अस्पतालों के चक्कर भी लगाने पड़े। इसी बीच एक पड़ोसी ने उन्हें खड़े हनुमान मंदिर जाकर दर्शन करने की सलाह दी। इरफान ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।
इरफान के मुताबिक, खड़े हनुमान के दर्शन और कामने के बाद उनके घर पहले बेटी और फिर बेटे अबान का जन्म हुआ। तभी से उनके परिवार की खड़े हनुमान के प्रति विशेष आस्था हो गई। अब वे पत्नी और बेटे के साथ नियमित रूप से मंदिर में दर्शन करने पहुंचते हैं। उनके लिए यह मंदिर परिवार की आस्था और विश्वास से जुड़ा हुआ है।
उज्जैन जिले में स्थित खड़े हनुमान मंदिर में प्रतिमा के स्थान को लेकर चल रही चर्चा के बीच इरफान ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि हनुमानजी की प्रतिमा इसी स्थान पर रहनी चाहिए। उनके मुताबिक, परिवार की आस्था इस मंदिर से जुड़ी हुई है और वे चाहते हैं कि बाबा की प्रतिमा अपने मूल स्थान पर ही विराजमान रहे।
इरफान का परिवार धार्मिक पहचान से अलग अपनी व्यक्तिगत आस्था के चलते मंदिर पहुंचता है। पत्नी और बेटे के साथ उनके नियमित दर्शन का सिलसिला मंदिर के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है। खड़े हनुमान मंदिर को लेकर चल रही चर्चा के बीच इरफान का यह बयान भी सामने आया है कि प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर ही रखा जाना चाहिए।