Highlights:
87 दिन बाद फिर शुरू हुई खड़े हनुमान प्रतिमा को हटाने की कोशिश।
विशेष उपकरणों से की गई प्रतिमा की स्कैनिंग।
मंदिर के पुजारी की मौजूदगी में हुई स्कैनिंग।
Ujjain Khade Hanuman Temple Controversy : उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में स्थापित प्राचीन प्रतिमा को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के करीब 87 दिन बाद रविवार सुबह प्रशासनिक टीम एक बार फिर मंदिर परिसर पहुंची। टीम अपने साथ विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर आई थी।
सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस प्रक्रिया के दौरान प्रतिमा के आसपास रखी सामग्री को हटवाया गया और करीब 45 मिनट तक स्कैनिंग की गई। जांच के लिए मंदिर के पुजारी को भी मौके पर बुलाया गया। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर प्रतिमा को हटाने और उसके भविष्य को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की कार्रवाई 30 अगस्त 2026 को शुरू करने का प्रयास किया गया था। उस दौरान श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के विरोध के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। इसके बाद 1 सितंबर को प्रशासनिक टीम दोबारा पहुंची और करीब 16 घंटे की कार्रवाई के बाद मंदिर का शिखर और ऊपरी हिस्सा हटाया गया। वहीं 4 सितंबर को मंदिर का मुख्य ढांचा भी हटा दिया गया। प्रशासन की योजना करीब 8 फीट ऊंची प्राचीन प्रतिमा को टंकी चौक के पास तैयार किए जा रहे नए मंदिर में स्थापित करने की थी।
प्रतिमा को हटाने के लिए 5 से 7 सितंबर के बीच उसके आसपास करीब डेढ़ फीट तक खुदाई की गई, लेकिन प्रतिमा का आधार नहीं मिल पाया। प्रयासों के बावजूद प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली। इसके बाद 8 सितंबर को प्रशासन ने प्रतिमा की स्थिति और उसके नीचे की संरचना का वैज्ञानिक परीक्षण कराने का निर्णय लिया। 15 सितंबर को आईआईटी इंदौर की टीम ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार तकनीक से प्रतिमा के नीचे की संरचना की जांच की थी। इसके बाद 29 सितंबर को भी एक अन्य टीम मंदिर पहुंची और जांच की।
रविवार सुबह हुई नई जांच को लेकर भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन अलग-अलग प्रकार की स्कैनिंग करवा रहा है, लेकिन पहले हुई जांचों की रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है। उनके मुताबिक, रविवार सुबह करीब पौने 6 बजे टीम मंदिर पहुंची और पुजारी को बुलाकर प्रतिमा के चारों तरफ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से स्कैनिंग की गई। तिवारी ने आरोप लगाया कि स्कैनिंग के नाम पर प्रतिमा को हटाने की पटकथा तैयार की जा रही है।
शिवेंद्र तिवारी ने कहा कि हिंदू समाज अपनी भावना स्पष्ट कर चुका है कि भगवान हनुमान की प्राचीन प्रतिमा को मूल स्थान पर ही रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और प्रतिमा को नहीं हटाने की मांग की। तिवारी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद टीम के सदस्य भी प्रतिमा के सामने झुके और प्रणाम करके वहां से रवाना हुए।
मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद से प्राचीन प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर कैनोपी यानी टेंट लगाया गया है। श्रद्धालु लगातार प्रतिमा को उसी स्थान पर सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं। कुछ श्रद्धालु मौजूदा स्थिति की तुलना अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से पहले भगवान राम के टेंट में विराजमान रहने से भी कर रहे हैं। फिलहाल 87 दिन बीतने के बाद भी प्रतिमा अपने मूल स्थान पर टेंट के नीचे विराजमान है। रविवार को हुई स्कैनिंग के निष्कर्ष और प्रशासन की अगली कार्रवाई को लेकर अब सभी की नजर बनी हुई है।