उज्जैन के बागड़िया टावर के एमपी मेडिकल स्टोर में लगी भीषण आग।
बंद शटर के कारण वेंटिलेशन चैंबर से ऊपरी मंजिलों तक फैला धुआं।
टावर में धुआं भरने से महिलाएं और बच्चों समेत कई लोग फंसे।
दमकल की छह गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन।
Massive Fire Breaks Out At Bagadia Tower Ujjain: उज्जैन पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र के बागड़िया टावर में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग टावर के निचले हिस्से में स्थित एमपी मेडिकल स्टोर में लगी थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण आग से निकला धुआं वेंटिलेशन चैंबर के जरिए बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों तक फैल गया।
देखते ही देखते पूरे टावर में धुआं भर गया। शुरुआत में 10 से 15 लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली थी। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कलेक्टर रोशन सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
बागड़िया टावर की तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 304 में मौजूद पूनम चौरसिया और उनके बच्चे का भी रेस्क्यू किया गया। पूनम ने बताया कि घटना शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुई। उस समय वह फ्लैट में सो रही थीं। अचानक नींद खुली तो फ्लैट के आगे-पीछे और लिफ्ट की तरफ चारों ओर धुआं भरा हुआ था। धुआं इतना अधिक था कि सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। फ्लैट में उनके साथ उनका बेटा और पास के फ्लैट में रहने वाले लोग सहित कुल पांच लोग मौजूद थे। बाहर निकलने का रास्ता धुएं से घिरा होने के कारण सभी लोग अंदर ही फंस गए।
पूनम ने घबराकर तत्काल अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित निकालकर टावर की छत पर पहुंचाया। करीब दो घंटे तक छत पर रहने के बाद उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया। पूनम के मुताबिक, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए। इस दौरान बिल्डिंग में फंसे अन्य लोगों को निकालने के लिए भी पुलिस और नगर निगम की टीमें लगातार प्रयास करती रहीं।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह तीसरी मंजिल पर आयोजित गरुड़ पुराण के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान आग लग गई और पूरी बिल्डिंग में धुआं फैलने लगा। उन्होंने फायर ब्रिगेड की लंबी सीढ़ी की मदद से नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। हालांकि, बिल्डिंग में मौजूद महिलाएं सीढ़ी के जरिए नीचे उतरने में असमर्थ थीं। शुरुआती दौर में स्थानीय लोगों और पेंटर्स ने झूला व सीढ़ी की मदद से लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि बागड़िया टावर के नीचे स्थित एमपी मेडिकल स्टोर में आग लगी थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण धुआं वेंटिलेशन चैंबर से होता हुआ ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। इससे बिल्डिंग में रहने और मौजूद लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल की छह गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की प्राथमिकता बिल्डिंग में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आग पर पूरी तरह काबू पाने की रही।