Salman Khan Becomes Shantanu Ujjain: धार्मिक नगरी उज्जैन के श्री मौनतीर्थ पीठ में एक बार फिर घर-वापसी का मामला सामने आया है। यहां सलमान खान नाम के एक युवक ने अपनी स्वेच्छा से सनातन धर्म अपना लिया है। पीठ के महामंडलेश्वर सुमन आनंद गिरी महाराज ने विधि-विधान से उसका शुद्धिकरण कराकर नया नाम 'शांतनु' दिया है।
महामंडलेश्वर सुमन आनंद गिरी महाराज ने बताया कि युवक पिछले 5-6 महीने से सनातन धर्म में प्रवेश करने की प्रबल इच्छा रख रहा था। इसके लिए उसने कई जगह संपर्क किया और भटका, लेकिन उसकी यह इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। जब वह मौनतीर्थ पीठ पहुँचा, तो आश्रम की परंपरा के अनुसार उसका स्वागत किया गया और उसकी घर-वापसी कराई गई।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर ने कहा कि हम किसी का धर्मांतरण नहीं कराते बल्कि भटके हुए लोगों की घर-वापसी कराते हैं। ये वो लोग हैं जिनके पूर्वजों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहले किन्हीं कारणों, परिस्थितियों या लालच में आकर इस्लाम या अन्य धर्म स्वीकार कर लिया था। गीता का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अपने धर्म में बने रहना ही श्रेयस्कर है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे शरीर के जीन्स भी हमें अपनी मूल संस्कृति और परंपरा की ओर आकर्षित करते हैं, इसी का परिणाम है कि शांतनु आज अपने मूल धर्म में लौट आया है।
पीठ द्वारा पहले भी इस तरह के प्रयास किए जाते रहे हैं। महामंडलेश्वर ने बताया कि पूर्व में भी ईसाई धर्म को मानने वाले 30-32 बच्चों की सनातन धर्म में वापसी कराई गई थी। इसके अलावा बीते वर्ष एक मुस्लिम महिला ने भी अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ सनातन धर्म अपनाया था, जिसका विवाह बाद में एक हिंदू युवक से कराया गया और आज वे सभी सुखमय गृहस्थ जीवन जी रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कल से शुरू हो रहा 'खेत बचाओ अभियान', रामसिया से शिवराज सिंह चौहान करेंगे राष्ट्रव्यापी आगाज; जानें क्या है खास
सलमान से शांतनु बने युवक ने पहले जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। उसने बताया कि उसके परिवार में माता-पिता और भाई-बहन सभी हैं तथा वह लंबे समय से सनातन धर्म की मान्यताओं से प्रभावित रहा है। युवक के अनुसार, सनातन धर्म अपनाना उसकी व्यक्तिगत इच्छा थी। इसी उद्देश्य से उसने पहले न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया और बाद में बजरंग दल के सहयोग से विधिवत प्रक्रिया पूरी कर सनातन धर्म स्वीकार कर लिया।