मंदिर में रील बनाने के नाम पर करते थे ठगी  फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
उज्जैन

उज्जैन आने वाला भक्त हो जाएं सावधान! महाकाल मंदिर में रील के नाम पर 2500 रुपए तक की वसूली, 3 युवक पकड़ाए

Mahakal Temple Reel Fraud : उज्जैन के महाकाल मंदिर में रील शूटिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से 2000 से 2500 रुपए वसूलने का मामला सामने आया। मंदिर समिति ने स्टिंग ऑपरेशन कर तीन युवकों को पकड़ा।

अजय नीमा, शाजेब खान

Mahakal Temple Reel Shooting Scam : विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं से रील शूटिंग कराने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर विज्ञापन और पोस्ट डालकर उज्जैन आने वाले भक्तों को निशाना बना रहे थे। मंदिर परिसर में रील बनवाने का झांसा देकर उनसे दो हजार से 2500 रुपए तक वसूले जा रहे थे। इस मामले की जानकारी मिलने पर मंदिर प्रबंध समिति ने स्टिंग ऑपरेशन किया और तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

इंस्टाग्राम पर विज्ञापन डालकर श्रद्धालुओं को फंसाते थे आरोपी

जानकारी के अनुसार कुछ इंस्टाग्राम पेजों के जरिए बाहर से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को रील शूटिंग की सुविधा देने का दावा किया जा रहा था। इन पेजों पर ‘उज्जैन आ रहे हो, महाकाल की रील बनवाना चाहते हो, जल्द हमें फॉलो करें और अपनी बुकिंग पक्की करें’ जैसे मैसेज पोस्ट किए जाते थे। इसके बाद आरोपी भक्तों से संपर्क कर शूटिंग के नाम पर दो हजार से 2500 रुपए मांगते थे। बताया जा रहा है कि बुकिंग के लिए एडवांस राशि भी ली जाती थी।

मंदिर समिति ने स्टिंग ऑपरेशन कर बिछाया जाल

सोशल मीडिया पेजों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई। समिति के प्रतिनिधियों ने संबंधित पेजों से संपर्क कर रील शूटिंग की बुकिंग कराई और मांगी गई एडवांस राशि का भुगतान किया। इसके बाद आरोपियों को तय समय और स्थान पर मंदिर परिसर में बुलाया गया। जैसे ही तीनों युवक वहां पहुंचे तो समिति की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी गतिविधियां मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुईं।

मोबाइल में मिली बुकिंग और पैसों की बातचीत

पकड़े गए युवकों की पहचान हिमांशु, गौरव और अनुज के रूप में हुई है। मंदिर समिति ने तीनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उनके मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट सामने आने की बात कही गई है। इनमें श्रद्धालुओं के साथ पैसों की बातचीत रील शूटिंग की बुकिंग और मिलने के स्थान से जुड़ी जानकारी शामिल बताई जा रही है। पुलिस अब डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

मंदिर परिसर में बिना अनुमति रील शूटिंग प्रतिबंधित

महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर में बिना अनुमति व्यावसायिक फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रील शूटिंग प्रतिबंधित है। धार्मिक स्थल की गरिमा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाती। समिति के अनुसार सोशल मीडिया पर रील शूटिंग के नाम पर श्रद्धालुओं को गुमराह करना गंभीर मामले सामने आ रहे है।

श्रद्धालुओं से अनजान लोगों को पैसे नहीं देने की अपील

मंदिर समिति ने भक्तों से अपील की है कि वे इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील शूटिंग के आकर्षक विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति को बुकिंग या शूटिंग के नाम पर पैसे देने से बचें और मंदिर से जुड़ी अधिकृत जानकारी केवल प्रबंध समिति के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें। समिति ने कहा है कि मंदिर की धार्मिक गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

वैभव सूर्यवंशी का आने वाला समय वैभव से भरपूर: फैन्स ने की जमकर तारीफ, नेताओं ने दी शाबाशी; लिखे ढेरों पोस्ट

अनंत सिंह की बेटी की शादी से पहले इस शादी ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड; 50 एकड़ जमीन पर हुई थी आलीशान शादी

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, CBI-ED जांच का आदेश रद्द; अब हाई कोर्ट में दोबारा होगी सुनवाई

17.50 लाख अनुग्रह राशि, 35 लाख बीमा... किश्तवाड़ में शहीद 2 SPO के परिवारों को 73 लाख रुपये की मदद

सेना की चेकपोस्ट को उड़ाने की साजिश, उजैद की मोबाइल चैट से खुला 005 ब्रिगेड आतंकी ग्रुप नेटवर्क का राज