महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित महेश शर्मा ने गर्भगृह में प्रवेश को लेकर आरोप लगाए  फोटो सोर्स - नवभारत
उज्जैन

उज्जैन महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद, पुजारी महासंघ ने उठाई समान अधिकार की मांग

Mahakal Temple News : महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद गहरा गया है। पुजारी महासंघ ने संतों और महामंडलेश्वरों की तरह पुजारियों को भी समान प्रवेश देने की मांग की है।

अजय नीमा, शाजेब खान

Highlights :

  • महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश व्यवस्था को लेकर पुजारी महासंघ ने उठाए सवाल।

  • देश के प्रमुख मंदिरों और उज्जैन के प्राचीन मंदिरों के पुजारियों को समान प्रवेश देने की मांग।

  • महासंघ अध्यक्ष पंडित महेश शर्मा ने मंदिर समिति पर भेदभाव के आरोप लगाए।

Mahakal Temple Entry Rules Controversy : उज्जैन जिले में विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने मंदिर प्रबंध समिति की नीतियों पर सवाल उठाते हुए देश के प्रमुख मंदिरों और उज्जैन के प्राचीन मंदिरों के पुजारियों को भी साधु संतों और महामंडलेश्वरों की तरह गर्भगृह में प्रवेश देने की मांग की है। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित महेश शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ संतों और स्वघोषित पीठाधीश्वरों को प्रवेश की अनुमति दी जाती है। जबकि वर्षों से मंदिरों की सेवा करने वाले पुजारियों को इससे वंचित रखा जाता है।

मंदिर समिति पर भेदभाव करने का आरोप

पंडित महेश शर्मा ने सवाल उठाया कि जब गर्भगृह में प्रवेश के लिए नियम निर्धारित हैं तो वे सभी पर समान रूप से लागू क्यों नहीं होते? उनका आरोप है कि कुछ लोगों को विशेष अनुमति मिल जाती है लेकिन मंदिरों की परंपराओं और पूजा पद्धति का लंबे समय से निर्वहन कर रहे पुजारियों को समान अवसर नहीं दिया जाता। महासंघ का कहना है कि पुजारी भी सनातन परंपराओं के संवाहक हैं और अपना जीवन मंदिर सेवा में समर्पित करते हैं।

स्वघोषित पीठाधीश्वरों को अनुमति देने पर उठाए सवाल

महासंघ अध्यक्ष ने ये भी सवाल उठाया कि कुछ लोग छोटे भूखंडों पर आश्रम बनाकर बाहर पीठाधीश्वर का बोर्ड लगा लेते हैं और फिर गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति प्राप्त कर लेते हैं। उन्होंने मंदिर समिति से पूछा कि क्या ऐसे लोगों की धार्मिक मान्यता, परंपरा और दस्तावेजों की जांच की जाती है? क्या केवल अपने नाम के आगे संत, महंत या पीठाधीश्वर लिख लेने से किसी को विशेष प्रवेश का अधिकार मिल जाना चाहिए? महासंघ ने संतों और पुजारियों को सनातन धर्म रूपी रथ के दो पहिये बताते हुए दोनों के लिए समान सम्मान की बात कही।

CM और PM तक मामला ले जाने की चेतावनी

अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर से गर्भगृह प्रवेश के नियमों में समानता लाने की मांग की है। पंडित महेश शर्मा के मुताबिक, इस संबंध में पहले भी मंदिर समिति को ज्ञापन दिया जा चुका है। यदि मांग पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो महासंघ इस मुद्दे को मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने उठाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन किया जाएगा।

महामंडलेश्वर ने दिया सनातन आयोग बनाने का सुझाव

इस विवाद पर महामंडलेश्वर शैलेषानंद जी महाराज ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पुजारी महासंघ समय समय पर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाता रहा है। हालांकि धार्मिक व्यवस्थाओं से जुड़े विवादों के स्थायी समाधान के लिए देश में सनातन आयोग का गठन किया जाना चाहिए। उनके सुझाव के मुताबिक आयोग में प्रमुख संतों और पुजारियों को शामिल किया जाए ताकि मंदिरों की व्यवस्थाओं, धार्मिक परंपराओं और पुजारियों से जुड़े विषयों पर सभी पक्षों को सुनकर विचार विमर्श किया जा सके।

गर्भगृह प्रवेश के नियमों पर प्रशासन के फैसले का इंतजार

महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश का मुद्दा अब पुजारियों की मांग से आगे बढ़कर धार्मिक परंपराओं, समानता और मंदिर प्रशासन की व्यवस्था पर बहस का विषय बन गया है। एक ओर पुजारी महासंघ समान प्रवेश व्यवस्था की मांग कर रहा है वहीं महामंडलेश्वर शैलेषानंद महाराज ने संतों और पुजारियों के बीच समन्वय के लिए सनातन आयोग का सुझाव दिया है। अब देखना होगा कि मंदिर प्रबंध समिति और जिला प्रशासन इस मांग पर क्या रुख अपनाते हैं।

शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़ी, संजय निरुपम और शाइना एनसी ने की महाराष्ट्र में बैन की मांग

CM योगी दोनों कानों में कितने ग्राम के सोने के कुंडल पहनते हैं? जानें उनकी असली कीमत

क्या अब SpiceJet भी बंद हो जाएगा, एयरलाइन के सामने मंडरा रहा गहरा आर्थिक संकट

वाह मजा आ गया, आतंकी लतीफ भट को मारने के बाद सुरक्षाबलों ने किया बल्ले-बल्ले; VIDEO हुआ वायरल

कहीं चोलकालीन मूर्ति तो कहीं कच्छ की दुर्लभ कला, PM नरेंद्र मोदी ने विदेशी नेताओं को दिए भारत के ये खास उपहार