पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
शिवपुरी

शिवपुरी में अवैध शराब पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, सड़क पर फोड़ी बोतलें, पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

Shivpuri Women Protest : शिवपुरी के कई गांवों में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शराब की बोतलें सड़क पर फोड़ीं और अमोलपठा में पुलिस से झड़प हो गई।

प्रीतेश जैन

Shivpuri Illegal Liquor Protest : सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब शिवपुरी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़क पर नजर आ रहा है। जिले के कई गांवों में महिलाएं लगातार तीसरे दिन शराब दुकानों और अवैध शराब के ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। गुरुवार को थरखेड़ा, अमोलपठा, मनपुरा और भौंती में महिलाओं ने शराब दुकानों पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और शराब की बोतलें सड़क पर फोड़ दीं।

अमोलपठा में प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त बिगड़ गई, जब पुलिस ने महिलाओं को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज प्रदर्शनकारियों ने भी मोर्चा खोल दिया। महिलाओं और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

स्कूल, मंदिर और अस्पताल के पास शराब दुकान का विरोध

अमोलपठा की महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकान के 200 मीटर के दायरे में स्कूल, हनुमान मंदिर और अस्पताल मौजूद हैं। महिलाओं का कहना है कि ऐसे स्थानों के पास शराब दुकान का संचालन नियमों के खिलाफ है। उनका दावा है कि दुकान हटाने की मांग पिछले तीन साल से की जा रही है, लेकिन हर बार अधिकारियों की ओर से आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।

पेटियां बाहर निकालीं, सड़क पर तोड़ीं शराब की बोतलें

भौंती थाना क्षेत्र के मनपुरा में भी महिलाओं ने सरकारी शराब दुकान के खिलाफ कार्रवाई की। प्रदर्शनकारियों ने दुकान से शराब की पेटियां बाहर निकालकर फेंक दीं और बोतलों को सड़क पर तोड़ दिया। इसके बाद महिलाओं ने गांव में अलग-अलग जगहों पर कथित तौर पर चल रहे अवैध शराब बिक्री के ठिकानों का भी रुख किया और वहां मिली शराब की बोतलों को नष्ट किया।

नयाखेड़ा में ठेकेदार दुकान बंद कर भागा

नयाखेड़ा गांव में महिलाएं शराब दुकान पर पहुंचीं तो प्रदर्शन को देखते हुए ठेकेदार दुकान बंद कर वहां से चला गया। इसके बाद महिलाएं भौंती थाने पहुंचीं और वहां शराब की बोतलें फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इससे पहले बुधवार को थारखेड़ा में महिलाओं ने खेत में चल रहे कथित कच्ची शराब के अड्डे पर भी धावा बोला था। देर रात सैकड़ों महिलाएं लाठी-डंडे लेकर शराब दुकान के बाहर पहुंचीं और पेटियों से बोतलें निकालकर सड़क पर फोड़ दी थीं।

एसपी बोले- कानून हाथ में न लें, सूचना दें

शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर ने कहा कि भीड़ में कुछ उपद्रवी शामिल हो गए थे, जिन्होंने लोगों को भड़काया। इसके चलते पुलिस और जनता आमने-सामने आ गई। एसपी के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और उपद्रव करने वालों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध शराब की बिक्री की सूचना पुलिस को दें, खुद कानून हाथ में न लें। वहीं महिलाओं का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण गांवों में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। उनका कहना है कि सागर जैसी घटना शिवपुरी में न हो, इसके लिए समय रहते कार्रवाई जरूरी है।

Bank Strike: UFBU की हड़ताल से सरकारी बैंकों पर असर, UPI-इंटरनेट बैंकिंग रहेगी चालू, 5 दिन वर्किंग की मांग

IRCTC Scam: सत्ता के आसान रास्ते में छिपा विनाश, लालू यादव केस में आरोप तय करते हुए जज ने टैगोर को किया याद

बांग्लादेश को बुलाया भी और नहीं भी, BRICS समिट के न्योते से तारिक रहमान खफा, हुमायूं कबीर ने बताई असली वजह

अक्षत त्रिपाठी नोटिस केस में बड़ा एक्शन, एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट सस्पेंड; CJI ने लगाई फटकार

BRICS Summit 2026: PM मोदी ने किया वैश्विक नेताओं का स्वागत, बोले- विश्व कल्याण पर होगी सकारात्मक बात