Kubereshwar Dham Road Accident: प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम के बाहर सोमवार को एक भयानक सड़क हादसा घटित हुआ। धाम परिसर के मुख्य द्वार के सामने स्थित दुकानों में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबरेश्वर धाम का कचरा वाहन अचानक जा घुसा। हादसे के वक्त दुकानों के भीतर और आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी थी, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बेकाबू गाड़ी सीधे सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदते हुए अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों के शेड टूट गए और सारा सामान बिखर गया। इस अचानक हुए हादसे में खरीदारी कर रहे तथा वहां विश्राम कर रहे कई श्रद्धालु गाड़ी की चपेट में आने से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और गाड़ियों में फंसे व घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। सूचना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
जिला प्रशासन की टीम ने एम्बुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से सभी घायल श्रद्धालुओं को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सीहोर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा वाहन में किसी यांत्रिक खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही की वजह से। फिलहाल कुबेरेश्वर धाम के बाहर स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल तैनात किया गया है।