सीहोर जिले के भैरूंदा और बुधनी क्षेत्र में रेत कंपनियों की मनमानी कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन फोटो सोर्स - नवभारत
सीहोर

सीहोर में रेत माफियाओं और कंपनियों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Illegal Sand Mining: सीहोर के भैरूंदा बुधनी में रेत कंपनियों की कथित मनमानी और नर्मदा में अवैध उत्खनन के खिलाफ कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई नहीं होने पर शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी दी।

विजेंद्र सिंह राणा, शाजेब खान

Highlights :

  • भैरूंदा और बुधनी क्षेत्र में रेत कंपनियों के खिलाफ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन।

  • अवैध नाकों को हटाने और सड़क से रेत के ढेर हटाने की मांग।

  • नर्मदा में पनडुब्बियों और भारी मशीनों से उत्खनन पर रोक लगाने की मांग।

  • रेत कंपनियों के बाहरी कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के पुलिस सत्यापन की मांग।

Sehore Illegal Sand Mining Complaint : सीहोर जिले के भैरूंदा और बुधनी क्षेत्र में रेत कंपनियों की मनमानी, नर्मदा नदी में अवैध उत्खनन और स्थानीय नागरिकों के उत्पीड़न के मुद्दे पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इन समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।

अवैध नाकों और सड़क पर रेत के ढेर का मुद्दा उठाया

कांग्रेस ने ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लाड़कुई और इटावा गोपालपुर मार्ग पर रेत परिवहन के नाम पर कथित अवैध नाके संचालित किए जा रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और खुलेआम शराबखोरी के कारण विवाद की स्थिति बनती है। पार्टी ने इन नाकों को तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही मुख्य सड़कों पर रेत के ढेर लगाए जाने से यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की बात भी कही है।

नर्मदा में मशीनों से उत्खनन पर रोक लगाने की मांग

कांग्रेस ने नर्मदा नदी में पनडुब्बियों और भारी मशीनों के जरिए अवैध रेत उत्खनन पर चिंता जताई है। पार्टी का आरोप है कि इस गतिविधि से नदी की पारिस्थितिकी और जल प्रवाह प्रभावित हो सकता है। कांग्रेस ने उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने के साथ नदी की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने की मांग की है।

बाहरी कर्मचारियों के सत्यापन और वाहन जांच की मांग

ज्ञापन में रेत कंपनियों में काम करने वाले बाहरी कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की मांग भी शामिल है। कांग्रेस ने रिहायशी इलाकों में काली फिल्म लगे चार पहिया वाहनों की तेज रफ्तार से लोगों में डर का माहौल बनने का आरोप लगाया है। पार्टी ने ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने और अवैध हथियारों की धरपकड़ करने की मांग की है।

व्यापारियों को समान अवसर देने की मांग

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्थानीय छोटे वाहन चालकों और रेत व्यापारियों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। पार्टी ने उन्हें रॉयल्टी व्यवस्था में समान अवसर देने की मांग रखी है। इसके अलावा नगर में हाल ही में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और पूरे मामले के साथ संबंधित अधिकारियों की भूमिका की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने की अपील की गई है।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे। फिलहाल ज्ञापन में लगाए गए आरोपों और मांगों पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई या आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।

मुंबई में प्रदर्शन करना पड़ा भारी! CJP के तीनों बड़े नेताओं पर LOC जारी, दीपके और रांका भी पुलिस के रडार पर

परिसीमन बिल को लेकर महाविकास अघाडी में रार! सुप्रिया सुले का नरम रुख, जानिए पूरा सियासी समीकरण

26/11 Mumbai Terror Attack: देश के लिए बलिदान या साध्वी का श्राप? शहीद हेमंत करकरे की विवादों से भरी कहानी

घर की छत पर सोलर लगवाने को लेकर सरकार ले आई नया नियम, अब बैटरी लगवाना होगा जरूरी; जानें कब से लागू होगा नियम

UP Politics: बातों से ज्यादा काम करने की जरूरत, इमरान मसूद को खड़गे की दो टूक नसीहत; कहा- गठबंधन होकर रहेगा