

Tent Showroom Massive Fire Jabalpur: जबलपुर के बलदेव बाग उखरी रोड स्थित पारस टेंट सप्लायर के शोरूम और गोदाम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इमारत की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम का दमकल अमला और पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए करीब दो घंटे तक दमकल की कई गाड़ियां लगातार मशक्कत करती रहीं, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया हालांकि दमकल विभाग आग बुझाने के बाद भी मौके पर मौजूद रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है, ताकि किसी तरह की बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। घटना रिहायशी क्षेत्र में होने की वजह से राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संकरी गलियों और आसपास मौजूद मकानों के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इस घटना के बाद एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है कि आखिर घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में टेंट हाउस का गोदाम और शोरूम कैसे संचालित किया जा रहा था। टेंट की सामग्री अत्यधिक ज्वलनशील मानी जाती है, ऐसे में इस तरह के व्यवसाय से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल नगर निगम, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन की प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाकर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करना है। वहीं फायर अधीक्षक ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
https://youtu.be/BOCG2bkcWtc?si=ZXQMClodbQmctHJ-