Highlights :
सीहोर के आष्टा मार्ग पर चौपाल सागर और डी मार्ट के पास सड़क हादसे में महिला की मौत।
सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिरने की जानकारी सामने आई।
हादसे में महिला के पति और बच्चा घायल हुए,दोनों का अस्पताल में उपचार जारी।
Woman Dies in Bike Accident : जिला मुख्यालय के आष्टा मार्ग पर चौपाल सागर और डी मार्ट के पास मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उनके पति और बच्चा घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वो सड़क किनारे गिर गई। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट आई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ परिवार शाजापुर जिले के अरनिया कलां का रहने वाला है। परिवार किसी निजी काम से सीहोर आया था। आष्टा मार्ग पर चौपाल सागर और डी मार्ट के नजदीक पहुंचने पर बाइक चालक सड़क पर बने गड्ढे के कारण संतुलन खो बैठा। बाइक गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके पति और बच्चे को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के मुताबिक महिला के पति और बच्चे का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे के बाद आष्टा मार्ग की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। लोगों ने सड़क की हालत सुधारने और हादसों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी और सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया। इसके बाद यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामले में जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।