37 Years Old Case Solved In Sagar: सागर में पुलिस ने एक ऐसे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है, जिसकी गिरफ्तारी की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। करीब 37 साल पहले दर्ज हुए मारपीट के मामले में आरोपी अब 65 साल की उम्र में पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले 22 साल से स्थाई वारंट के चलते फरार चल रहा था और पहचान तथा ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। गोपालगंज थाना पुलिस ने शांतिविहार, रजाखेड़ी मकरोनिया निवासी संजय सिंह, पिता स्वर्गीय अवधविहारी सिंह, उम्र 65 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 1989 में धारदार हथियार से मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। उस समय आरोपी की उम्र करीब 28 वर्ष थी।
मामला न्यायालय में पहुंचा, लेकिन सुनवाई के दौरान आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ वारंट जारी कर दिया गया। पुलिस के अनुसार वर्ष 2003 में आरोपी अपना मूल निवास छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने लंबे समय तक पुलिस से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल लिया और मकरोनिया क्षेत्र में रहने लगा। करीब दो दशक से ज्यादा समय तक पुलिस की पकड़ से दूर रहने के बाद आखिरकार मुखबिर की सूचना ने उसे पुलिस तक पहुंचा दिया।
पुलिस को जानकारी मिली कि स्थाई वारंटी संजय सिंह शांतिविहार कॉलोनी के आसपास मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद गोपालगंज थाना पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 22 साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और फिर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
जिस मामले में आरोपी करीब चार दशक पहले कानून की नजर में आया था, उसी मामले में अब 65 साल की उम्र में उसे कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक पुलिस से बचने के बाद आखिरकार स्थाई वारंटी की फरारी का सिलसिला खत्म हो गया। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को भी मजबूती मिली है।