Sagar Makronia Suspicious Death : सागर के उपनगर मकरोनिया में 46 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दूरसंचार कॉलोनी निवासी विनीत पांडे की बुधवार रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों को आशंका है कि शराब के सेवन के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी, हालांकि पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत की सटीक वजह सामने नहीं आई है।
मृतक के भाई प्रवीण पांडे के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच विनीत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और कुछ ही देर में वह बेहद निढाल होकर अचेत हो गया। परिजनों के अनुसार विनीत को शराब पीने की आदत थी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे मकरोनिया स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
मकरोनिया के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने विनीत को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन रात करीब 10 बजे उसे लेकर सागर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विनीत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया।
सागर के बंडा में हाल ही में सामने आए जहरीली शराब कांड के बाद इस घटना ने भी सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि विनीत पहले से स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी। इसी वजह से परिवार को आशंका है कि उसके द्वारा सेवन की गई शराब में कोई गड़बड़ी हो सकती है। हालांकि, अभी तक जहरीली शराब के कारण मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मकरोनिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी नितिन पाल के निर्देश पर पुलिस टीम मृतक के घर पहुंची और मौके की जांच की। पुलिस ने घर से शराब के खाली और भरे क्वार्टर समेत अन्य सामग्री जब्त की है। मौके से मिली शराब के नमूनों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
सागर पुलिस के अनुसार मौत का सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसे वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा जा रहा है। शराब के नमूनों की भी जांच कराई जाएगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विनीत की मौत शराब के सेवन से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल मकरोनिया पुलिस मामले की जांच कर रही है।