मौके पर पहुंचे आला अधिकारी फोटो सोर्स- नवभारत
सागर

MP : सागर के बंडा में कई लोगों की संदिग्ध मौत, जहरीली शराब की आशंका, प्रशासन ने सील कीं 6 दुकानें

Sagar 9 Dead : सागर के बंडा क्षेत्र में शराब पीने के बाद 9 लोगों की संदिग्ध मौत हुई है। जहरीली या अवैध शराब की आशंका के बीच प्रशासन ने 6 दुकानें सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए।

सरजू पटेल, प्रीतेश जैन

Bunda Poisonous Liquor Case : सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में 9 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात घूघर, नौराज, गूगरा खुर्द, बराज समेत आसपास के चार गांवों में कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। रविवार सुबह परिजन बीमार लोगों को बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुछ लोगों को मृत घोषित कर दिया।

प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि अब तक 9 लोगों की मौत का आंकड़ा सामने आया है। कुछ मरीजों को इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। प्रशासन को आशंका है कि प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ सकती है।

जहरीली या अवैध शराब की आशंका

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि जहरीली या अवैध शराब पीने से कुछ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की अंतिम पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। प्रशासन ने पिछले 24 से 48 घंटे में शराब पीने वाले लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें किसी तरह के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो वे तत्काल अपनी स्क्रीनिंग करवाएं।

अस्पताल में भर्ती मरीजों की जांच जारी

घटना के बाद बंडा सिविल अस्पताल में मरीजों की जांच और उपचार का सिलसिला जारी है। कुछ प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है। हॉटस्पॉट वाले गांवों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैनात किया गया है। प्रशासन लोगों से किसी भी तरह के लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की अपील कर रहा है।

कलेक्टर-एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सागर कमिश्नर और आईजी भी नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

6 शराब दुकानें एहतियातन सील

घटना के बाद प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों से तत्काल सैंपलिंग के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन अब शराब के स्रोत और मौतों के बीच संभावित संबंध की जांच कर रहा है।

उल्टी, सिरदर्द या बुखार हो तो तुरंत जांच कराएं

प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का समय आ गया...CM नायब सैनी ने रेवाड़ी यूथ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

शौर्य और वीरता की अमर गाथा, ओम बिरला समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने मेजर धन सिंह थापा को किया याद

दिनेश शर्मा की नई पारी शुरू, अंडमान-निकोबार के बने उपराज्यपाल, राष्ट्रपति-PM समेत नेतृत्व का जताया आभार

झारखंड में साढ़े 3 साल में 3 मंत्रियों की मौत, संयोग या कुछ और, शिक्षा विभाग से जुड़े थे तीनों मंत्री

तमिलनाडु विधानसभा: CM विजय के विधानसभा संबोधन को लेकर छात्रों में बढ़ा उत्साह, विज़िटर पास के लिए उमड़ी भीड़