Sagar Liquor Case : सागर के बंडा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन से बीमार हुए लोगों का हाल जानने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके साथ ही चिकित्सकों से मरीजों के इलाज और उनकी स्थिति को लेकर चर्चा की।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार इस घटना को लेकर गंभीर है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दूषित शराब से जिन लोगों की मौत हुई है या जो लोग प्रभावित हुए हैं, उनके परिवारों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन परिवारों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
BMC के निरीक्षण के दौरान मंत्री को सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की आंखों में गंभीर परेशानी की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए AIIMS भोपाल भेजने की व्यवस्था की गई। मंत्री ने बताया कि उन्होंने फोन पर AIIMS भोपाल के चिकित्सकों से चर्चा कर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की, जिसके बाद तीनों मरीजों को तत्काल भोपाल भेजा गया।
दूषित शराब मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर राजपूत ने कहा कि सरकार ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने दावा किया कि शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई होगी और मरीजों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए उन्हें 'ट्वीट मास्टर' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए सोशल मीडिया पर बयानबाजी करते हैं। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी उन्होंने नसीहत दी कि इतने गंभीर मामले में राजनीति करने के बजाय सभी दलों को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।
शराब कारोबार से जुड़े लोगों से कथित संबंधों के सवाल पर राजपूत ने कहा कि वह करीब 25 साल से राजनीति में हैं और उन्होंने या उनके परिवार ने कभी जुआ, सट्टा या शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में रोजाना कई लोग मिलते हैं, माला पहनाते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। सिर्फ फोटो होने से किसी व्यक्ति से घनिष्ठ संबंध या संरक्षण साबित नहीं होता। उन्होंने दोहराया कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द समीक्षा बैठक की जाएगी। इसमें मरीजों के उपचार, पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति की समीक्षा होगी।