Sagar Banda Liquor Case: सागर के बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से जुड़ी दुखद घटना के बीच मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके परिवार से कथित तौर पर जोड़े जा रहे एक व्यक्ति को लेकर सफाई दी है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति को उनका रिश्तेदार या परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है, उससे उनका कोई संबंध नहीं है।
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि बंडा क्षेत्र में हुई हृदयविदारक घटना से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
मंत्री ने कहा कि कुछ मीडिया माध्यमों, कांग्रेस नेताओं और सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा यह प्रचार किया जा रहा है कि किसी गांव का एक व्यक्ति उनके परिवार से संबंधित है या उनका रिश्तेदार है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उक्त व्यक्ति उनका कोई रिश्तेदार नहीं है और उनके नाम को इस मामले से जोड़कर जानकारी फैलाना पूरी तरह निराधार है।
गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि उन्होंने स्वयं सागर एसपी अनुराग सुजानिया से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी किसी का रिश्तेदार हो, नातेदार हो अथवा किसी राजनीतिक या सामाजिक प्रभाव से जुड़ा हो, कानून के सामने किसी को भी नहीं छोड़ा जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होना जरूरी है।
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सागर जिला उनके परिवार को अच्छी तरह जानता है। उनका दावा है कि उनका पूरा परिवार शराब, सट्टा और जुआ जैसी गतिविधियों से हमेशा दूर रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी भी कार्यकर्ता को ऐसी गतिविधियों में सहयोग या संरक्षण देने के पक्ष में नहीं हैं।
मंत्री ने अपील की कि इतनी गंभीर घटना के बीच राजनीति करने के बजाय सच्चाई सामने लाने में सहयोग किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना तथ्य किसी व्यक्ति या परिवार को बदनाम करने वाली जानकारी प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं किसी निर्दोष व्यक्ति को बदनाम करने के लिए भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।