सागर में बदमाशों ने कारों पर किया हमला (सोर्स- सोशल मीडिया) 
मध्य प्रदेश

सागर में सोता कानून! SP बंगले के सामने आधी रात को पथराव और गाली-गलोच; बदमाशों ने तोड़े 4 कारों के शीशे

Madhya Pradesh News: सागर में एसपी बंगले के सामने बदमाशों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया और 4 कारों में तोड़फोड़ की। कैंट थाना पुलिस ने नोमान और मुन्नू समेत 5 आरोपियों पर केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

सजल रघुवंशी

Sagar Goons Vandalize Cars In front Of SP Bunglow: मध्य प्रदेश के सागर में पुलिस कप्तान के बंगले के सामने बदमाशों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया, जिससे शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोपियों ने घरों के बाहर खड़ी चार कारों में तोड़फोड़ की, पथराव किया और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज भी की। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सागर के कैंट थाना क्षेत्र की है, जो सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात हुई। फरियादी जीशान खान, जो एसपी बंगले के सामने स्थित 51 कैंट इलाके में रहते हैं, उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

आरोपियों ने की गाली-गलोच, गाड़ियों पर किया हमला

जीशान के मुताबिक, वह अपने परिवार के साथ पीलीकोठी वाले बाबा का उर्स देखकर रात करीब 4:55 बजे घर लौटे थे। जैसे ही परिवार घर पहुंचा, वहां पहले से कुछ युवक खड़े मिले। आरोप है कि नोमान नाम का युवक अपने साथियों मुन्नू उर्फ इमरान, एहशान खान, राहिल और समीर के साथ मौके पर मौजूद था। फरियादी का आरोप है कि बिना किसी वजह के आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और झूमाझटकी होने लगी। देखते ही देखते आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कारों पर हमला बोल दिया।

चार वाहनों के शीशे तोड़े

बदमाशों ने पत्थर उठाकर कारों पर फेंके और चार वाहनों के शीशे तोड़ दिए। इलाके में देर रात अचानक मचे इस हंगामे से लोग दहशत में आ गए। आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना का सबसे बड़ा पहलू यह है कि पूरा घटनाक्रम एसपी बंगले के सामने हुआ, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। वायरल फुटेज में कुछ युवक कारों पर पथराव करते और तोड़फोड़ करते साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कर दी।

पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

कैंट थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एमपी पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि घटना में चाकूबाजी की बात भी सामने आई है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मध्य प्रदेश के सागर में एसपी बंगले के सामने हुई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। देर रात खुलेआम तोड़फोड़, पथराव और गुंडागर्दी का वीडियो अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि जब पुलिस कप्तान के बंगले के सामने ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम लोग खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेंगे? फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

विनेश फोगाट को विश्व चैंपियनशिप ट्रायल में मौका देने पर हाई कोर्ट ने WFI से मांगा जवाब

Weather Alert: ओडिशा में रेड अलर्ट, छत्तीसगढ़-झारखंड समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, 60 Kmph तक चलेंगी हवाएं

गोविंद बल्लभ पंत: आजादी की लड़ाई से यूपी के पहले मुख्यमंत्री तक, राष्ट्र निर्माण में निभाई अहम भूमिका

5 राज्यों के चुनाव में BJP को ₹1,473 करोड़ का चंदा, कांग्रेस से 7 गुना ज्यादा; जानें कहां कितना किया खर्च

गांधीनगर में बड़ा हादसा, स्लैब गिरने से मचा हड़कंप, मलबे में दबे 10 लोग; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी