Rewa Ranger Hotel Controversy: रीवा शहर के एक होटल में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) बृजेंद्र पाण्डेय को उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी ने एक युवती के साथ पकड़ लिया। घटना के बाद होटल परिसर में काफी देर तक विवाद और हंगामे की स्थिति बनी रही। मामले के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सतना जिले के बरौंधा सर्किल में पदस्थ रेंजर बृजेंद्र पाण्डेय रीवा के एक होटल में ठहरे हुए थे। उनकी पत्नी को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद वह होटल पहुंचीं और संबंधित कमरे तक गईं। कमरे का दरवाजा खुलने पर उन्होंने पति से कमरे में किसी अन्य व्यक्ति के होने के बारे में पूछा। रेंजर ने इससे इनकार किया, लेकिन पत्नी जब कमरे के अंदर पहुंचीं तो वहां एक युवती मौजूद मिली।
युवती के कमरे में मिलने के बाद पत्नी उसे बाहर लेकर आईं और दोनों के संबंधों को लेकर सवाल-जवाब करने लगीं। इस दौरान होटल परिसर में दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। शोर-शराबा होने पर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटनाक्रम के वीडियो भी बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद रेंजर और उनके साथ मौजूद युवती होटल से निकल गए। वहीं पत्नी कुछ समय तक होटल परिसर में मौजूद रहीं। घटना के बाद रीवा के चोरहटा थाना में रेंजर बृजेंद्र पाण्डेय और एक युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने फिलहाल शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में दर्ज धाराओं और शिकायत के बिंदुओं की विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें : जबलपुर में सनसनीखेज वारदात: बिजनेस पार्टनर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुदकुशी की
सूत्रों के अनुसार, रेंजर की पत्नी सतना जिले के बरौंधा थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।