Clash During Majhgawan Dam Affected Protest Panna: पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र में मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना के प्रभावितों के आंदोलन के दौरान सोमवार शाम पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने आंदोलन से जुड़ी दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत को हिरासत में लिया।
कार्रवाई के विरोध में महिलाओं और ग्रामीणों ने देर रात हनुमतपुर चौकी का घेराव कर नारेबाजी की। मंगलवार को भी इलाके में पुलिस बल तैनात रहा।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत को पकड़कर घसीटते हुए हिरासत में लिया। विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ महिलाओं के घायल होने का भी दावा किया गया है। आंदोलनकारियों की ओर से पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो भी जारी किए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के अनुसार, दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत के खिलाफ छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाने में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं और दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी के दौरान आंदोलन स्थल पर मौजूद भीड़ ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बनी।
मझगांय बांध प्रभावितों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर पिछले 16 दिनों से मुआवजे की मांग को लेकर चिता, फांसी और सूली सत्याग्रह कर रहे हैं। घटना के बाद उनके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। टीआई हरि सिंह ठाकुर के अनुसार, अमित भटनागर के खिलाफ पन्ना और छतरपुर जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मझगांय बांध परियोजना से प्रभावित ग्रामीण पूर्ण मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पन्ना जनसंपर्क विभाग के अनुसार, प्रशासनिक टीम ने आंदोलन स्थल बनहरी टपरियन पहुंचकर प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि के भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी दी।एसडीएम संजय कुमार नागवंशी ने अतिरिक्त राशि के भुगतान के संबंध में चल रही पात्रता जांच की जानकारी दी। प्रशासन की ओर से पात्र परिवारों को समय सीमा में भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों से जल्द भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, आलोक मार्को, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रभावित परिवारों के मुआवजे और पात्रता से संबंधित प्रक्रिया जारी है। वहीं, आंदोलनकारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर विरोध जारी रखने की बात कही गई है।