बागेश्वर धाम को लेकर दामोदर यादव के बयान के बाद MP में बयानबाजी तेज।
अजय तिवारी ने वीडियो जारी कर दामोदर यादव को दी खुली चुनौती।
अजय तिवारी बोले- इस बार पीछे मत हटना, पूरी ताकत से आओ।
Ajay Tiwari Statement On Bageshwar Dham: पन्ना जिले में बागेश्वर धाम को लेकर दिए गए बयान के बाद मध्यप्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता दामोदर यादव द्वारा 30 तारीख को बागेश्वर धाम पहुंचकर ताला लगाने की कथित चेतावनी के बाद अब विरोध में आवाजें उठने लगी हैं। सवर्ण कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष इंजीनियर अजय तिवारी ने पन्ना से वीडियो जारी कर दामोदर यादव को खुली चुनौती दी है।
अजय तिवारी ने अपने वीडियो में कहा कि इस बार अपने बयान से पीछे मत हटना। पूरी ताकत के साथ आओ और बागेश्वर धाम में ताला लगाकर दिखाओ। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, "यदि दोस्ती करोगे तो वफादार हम भी हैं और दुश्मनी ठानोगे तो तैयार हम भी हैं।"
अजय तिवारी ने आरोप लगाया कि कुछ नेता अपनी राजनीति चमकाने और समाज में विभाजन पैदा करने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने दामोदर यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद वे अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए समाज को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सनातन समाज के लोगों से अपील की कि वे ऐसे नेताओं के बयानों से प्रभावित न हों और समझदारी से काम लें।
अपने बयान में अजय तिवारी ने बागेश्वर धाम की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि धाम की ओर से सर्व समाज की 2 हजार से अधिक गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह कराए गए हैं, जिनमें किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता।उन्होंने धाम परिसर में संचालित अन्नपूर्णा रसोई, कैंसर अस्पताल के निर्माण, हिंदू ग्राम और गुरुकुल की स्थापना जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि धाम की गतिविधियों को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
पन्ना से जारी अजय तिवारी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बागेश्वर धाम को लेकर दामोदर यादव के बयान और उसके जवाब में आई इस तीखी प्रतिक्रिया के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। फिलहाल इस पूरे विवाद में दोनों पक्षों के बयानों को लेकर चर्चाएं जारी हैं।