Madhya Pradesh Top 10 News Navbharat Live: दुबई में सजा मध्य प्रदेश का हुनर, सागर शराबकांड में यूपी क्या है यूपी कनेक्शन, दिल्ली सत्य निकेतन हादसे में मध्य प्रदेश के दो युवकों की मौत और भाजपा के फायरब्रांड विधायक रामेश्वर शर्मा का मिसाइल वाले बयान से यू-टर्न। यहां पर पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी और असरदार खबरें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पादों पर आधारित ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी के जरिए प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, कला, शिल्प और पारंपरिक वस्तुओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और उत्पादकों के लिए नए कारोबारी अवसर तलाशना है। दुबई के माध्यम से प्रदेश के खास उत्पादों को विदेशी खरीदारों और उपभोक्ताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से सटे गांवों में शराब माफियाओं का रैकेट सक्रिय था। आरोप है कि यह गिरोह ललितपुर में नकली शराब तैयार कर उसे कम कीमत पर सागर के बंडा ब्लॉक के गांवों में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े लोगों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस स्थित सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में मध्य प्रदेश के दो छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवास निवासी 21 वर्षीय अर्पित जाज और कटनी निवासी 19 वर्षीय अक्षत यादव के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीकॉम की पढ़ाई कर रहे थे। 6 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे करीब 40 साल पुरानी इमारत अचानक ढह गई। राहत दल ने घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी।
भोपाल के करोंद में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान पर सियासत गरमा गई। मंच से उन्होंने कहा कि करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ने पर काजी कैंप में जाकर गिरने की बात कही। बयान चर्चा में आने के बाद विधायक ने सफाई दी कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप से था। कार्यक्रम में शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर भी बात की।
सागर जिले में जहरीली शराब से 15 लोगों की मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रभावित गांवों का दौरा कर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन, आबकारी विभाग और शराब माफिया के बीच कथित गठजोड़ की जांच की मांग की। सिंघार ने दावा किया कि शराब में घातक औद्योगिक रसायन मेथेनॉल मिलाया गया था और 110 से अधिक लोग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
स्वच्छता के बाद अब स्वच्छ वायु प्रबंधन के मामले में भी इंदौर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में इंदौर को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। दिल्ली में आयोजित अवॉर्ड समारोह में शहर को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। निर्धारित मानकों के तहत इंदौर में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण, वायु गुणवत्ता सुधारने और हरियाली बढ़ाने के लिए कई स्तरों पर काम किया गया। इस उपलब्धि से इंदौर की पर्यावरण प्रबंधन व्यवस्था को नई पहचान मिली है।
बालाघाट के बैहर-बिरसा क्षेत्र में आदिवासी बच्चों की लगातार हो रही मौतों का मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बच्चों की मौतों पर चिंता जताई और तत्काल जांच, उपचार व राहत की मांग की। उन्होंने कहा कि बीमारी के साथ पीने के पानी, पोषण और समय पर इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी भी गंभीर खतरा है। वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मृत बच्चों के परिवारों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात कर कार्यक्रम के लिए मैदान उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस ने स्टेडियम या रीजनल पार्क के पास खुले मैदान को विकल्प के तौर पर रखा है। प्रशासन ने उचित स्थान उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है। पार्टी ने जल्द अनुमति देने का आग्रह किया है।
मुरैना जिले में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सबलगढ़ के रामपुर क्षेत्र के जोसिंल का पुरा गांव में एक गर्भवती महिला को बाढ़ के पानी से निकालने के लिए ग्रामीणों ने खटिया का सहारा लिया। पानी में डूबे रपटे पर तेज बहाव के बीच ग्रामीण महिला को खटिया पर लिटाकर कंधों के सहारे सुरक्षित स्थान तक ले गए। इस दौरान ग्रामीणों को भी अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी।
इंदौर में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बीजेपी शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा का एक बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। सामने आए वीडियो में मिश्रा सरदार वल्लभ भाई पटेल को देश का पहला प्रधानमंत्री बताते नजर आ रहे हैं। जबकि भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू थे। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए इतिहास का ज्ञान देने की बात कही। इस बयान को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।