Morena Woman Death Case : मुरैना के सिद्ध नगर में मकान में हिस्से को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद रविवार रात गंभीर घटना में बदल गया। 60 वर्षीय जलदेवी सिकरवार की जहरीली कीटनाशक गोली खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतका के पति सोबरन सिंह सिकरवार ने अपने छोटे बेटे सतीश सिकरवार और बहू राधा पर मारपीट करने तथा उनकी पत्नी को जबरन कीटनाशक की गोलियां खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोबरन सिंह सिकरवार अपनी पत्नी जलदेवी के साथ सिद्ध नगर स्थित मकान में रहते हैं। बताया गया है कि मकान में उनके बेटों का भी स्वामित्व है। रविवार रात छोटा बेटा सतीश सिकरवार घर पहुंचा और मकान में अपना हिस्सा देने की बात कहने लगा। इसी दौरान पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया।
सोबरन सिंह का आरोप है कि उन्होंने सतीश को समझाने की कोशिश की तो उसने उनके साथ धक्का-मुक्की की। आरोप है कि सतीश ने उन्हें तीन बार उठाकर कमरे में रखे तख्त पर पटक दिया, जिसके बाद वह गैलरी में जा गिरे। पति के चिल्लाने की आवाज सुनकर जलदेवी दूसरे कमरे से गैलरी में पहुंचीं।
सोबरन सिंह के मुताबिक गैलरी में पहुंचने के बाद सतीश ने जलदेवी की गर्दन पकड़ ली। इसी दौरान आरोप है कि सतीश की पत्नी राधा ने जलदेवी के मुंह में कीटनाशक की गोलियां डाल दीं और जबरन पानी पिला दिया। जहरीली गोलियों का असर होने के बाद जलदेवी बेहोश हो गईं।
जलदेवी की हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों की मदद से उन्हें मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर कर दिया। ग्वालियर की माधव डिस्पेंसरी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद जलदेवी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को मुरैना लेकर आए। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतका के बेटे मनिंदर सिंह सिकरवार ने बताया कि सिद्ध नगर स्थित मकान में उसका और उसके बड़े भाई का हिस्सा है। वह करीब 15 साल से मुरैना से बाहर भिवाड़ी में नौकरी कर रहा है। उसका आरोप है कि छोटा भाई सतीश करीब 15 दिनों से मकान में हिस्सा मांगने को लेकर माता-पिता से अभद्र व्यवहार कर रहा था। मनिंदर के मुताबिक घटना वाली रात पिता ने फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी थी।
मृतका के पति सोबरन सिंह ने मुरैना पुलिस को दी शिकायत में बेटे सतीश और बहू राधा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक घटना के बाद दोनों घर से चले गए। पुलिस को जलदेवी के हाथ में सल्फास की गोलियों की डिब्बी भी मिली है। कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि सिद्ध नगर निवासी जलदेवी सिकरवार की रविवार को मौत हुई है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।