मालिकों को लौटाए गए फोन फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 महीने में 401 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए जाएंगे 95 लाख के फोन

Morena Police : मुरैना पुलिस ने जनविश्वास अभियान के तहत चार महीने में 401 गुम मोबाइल बरामद किए। बरामद फोन की कीमत करीब 95 लाख रुपये है, 9 मोबाइल मालिकों को लौटाए गए।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Morena Police Missing Mobile Recovery : मुरैना पुलिस ने मुख्यमंत्री के जनविश्वास अभियान के तहत गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए बड़ी कार्रवाई की है। साइबर टीम ने पिछले चार महीनों में 401 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 95 लाख रुपये है। शुक्रवार को इनमें से नौ मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को मौके पर ही वापस किए गए।

मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने इसकी शिकायत CEIR पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस के मुताबिक कई मोबाइल मुरैना के अलावा ग्वालियर, धौलपुर, आगरा, गुना और शिवपुरी सहित दूसरे जिलों में इस्तेमाल होते मिले।

दूसरे जिलों से भी बरामद किए महंगे फोन

लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद किए गए फोन में कई महंगे मोबाइल भी शामिल हैं। चार महीने के दौरान 401 मोबाइल की बरामदगी को पुलिस की साइबर टीम की लगातार निगरानी और तकनीकी जांच का नतीजा बताया जा रहा है।

एसपी ने 9 लोगों को मौके पर लौटाए मोबाइल

शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बरामद मोबाइलों में से नौ फोन उनके धारकों को मौके पर ही सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने राहत जताई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बाकी बरामद मोबाइलों के मालिकों से संपर्क कर उन्हें भी फोन वापस किए जाएंगे।

पुलिस कार्यालय में भी मिलेगी जानकारी

पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन की सूची तैयार की जा रही है। संबंधित धारकों को पुलिस कार्यालय से सूचना दी जाएगी, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके मोबाइल उन्हें सौंपे जा सकें। बरामद मोबाइलों की सूची भी सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाएगी, जिससे लोग अपने गुम फोन की जानकारी हासिल कर सकें।

जनविश्वास अभियान से लोगों को राहत

मुरैना पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली है, जिनके मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि गुम मोबाइलों की तलाश के लिए साइबर टीम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक शुरू, PM मोदी-पुतिन और पेजेशकियान भी मौजूद

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

डूसू चुनाव 2026: ABVP और NSUI ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें किसके बीच है टक्कर

CM भजनलाल शर्मा की वो 10 बड़ी उपलब्धियां, जिनसे बदल सकता है राजस्थान का विकास मॉडल

अब टोल प्लाजा पर नहीं रुकेगी गाड़ी! फरवरी से देश में लागू होगा बैरियर-फ्री सिस्टम, नितिन गडकरी ने किया ऐलान