मुरैना पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना में आधी रात कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर नजरबंद किया, आंदोलन में जाने से रोकने पर भड़की कांग्रेस

Morena News : मुरैना और भिंड के कांग्रेस नेताओं को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन में जाने से पहले पुलिस ने हिरासत में लेकर नजरबंद किया। कांग्रेस ने कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या बताया है।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • मुरैना और भिंड के कांग्रेस नेताओं को दिल्ली रवाना होने से पहले पुलिस ने हिरासत में लिया।

  • मधुराज सिंह तोमर और धर्मेंद्र सिंह भदौरिया समेत कई नेताओं को नजरबंद किए जाने का आरोप।

  • कांग्रेस ने कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।

Morena Congress Leaders Detained : चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने जा रहे मुरैना और भिंड के कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने आधी रात को हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया। कांग्रेस नेताओं को होटल, घर, कार्यालय और हाईवे सहित अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने सरकार पर विरोध की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया है।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, मुरैना और भिंड से दर्जनों गाड़ियों में सवार होकर कार्यकर्ताओं को दिल्ली रवाना होना था। उनकी योजना रात दो बजे दिल्ली के लिए निकलने की थी। कुछ नेता होटल शिवाय में जुटे थे, जबकि कुछ पूर्व शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के घर और हाईवे पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हुईं और दिल्ली रवाना होने से पहले ही नेताओं को हिरासत में ले लिया।

जिलाध्यक्ष समेत कई नेता हिरासत में

पुलिस की कार्रवाई में मुरैना ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, भिंड शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष विनीत कंसाना, वरिष्ठ नेता प्रबल प्रताप सिंह मावई और सुभाष सिकरवार सहित कई नेताओं को पकड़ा गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कुछ को होटल शिवाय और पूर्व शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के कार्यालय से हिरासत में लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और गाड़ियों को जब्त कर थानों में पहुंचा दिया।

अलग-अलग स्थानों पर नजरबंद करने का आरोप

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि कुछ नेताओं को होटल सेवरोन और लोहिया बाजार के एक होटल सहित अन्य स्थानों पर नजरबंद किया गया। उनका आरोप है कि सोमवार दोपहर तक भी कई नेताओं को रिहा नहीं किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने हिरासत में लिए जाने का कारण नहीं बताए जाने पर भी सवाल उठाए।

मधुराज तोमर बोले- वोट चोरी के मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा

मुरैना ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के दम पर शासन चलाना चाहती है और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस नेता दिल्ली में आंदोलन में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन उन्हें जबरन रोक दिया गया। तोमर ने दावा किया कि वोट चोरी के मुद्दे पर देश का युवा और जेन-जी भी आंदोलन कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

धर्मेंद्र भदौरिया ने हिरासत पर उठाए सवाल

भिंड शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि वे भिंड के कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली जा रहे थे और मुरैना के नेता भी उनके साथ शामिल होने वाले थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें होटल से हिरासत में ले लिया। भदौरिया ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्रवाई का कारण नहीं बताया। उन्होंने सवाल किया कि शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल होने जा रहे नेताओं को आधी रात को हिरासत में लेने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को दबाने की जितनी कोशिश होगी, उनकी आवाज उतनी ही बुलंद होगी।

कांग्रेस ने कार्रवाई को बताया लोकतंत्र पर हमला

मुरैना पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना उनका अधिकार है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोट चोरी के मुद्दे पर उनका आंदोलन जारी रहेगा।

INDIA Bloc Protest: इंडिया गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट मार्च, CEC के खिलाफ याचिका दायर; आज दिन भर क्या-क्या हुआ?

गाजियाबाद के शहीद नगर में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा मकान का लेंटर; कई लोग मलबे में दबे

सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी बनाम चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल; 11 नेता बने पक्षकार

एकतरफा प्यार कब तक चलता? आनंद दुबे ने बताया उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने का कारण

अस्पतालों की मनमानी पर सरकार ने लगाया लगाम! इलाज का खर्च सार्वजनिक करना हुआ अनिवार्य