Morena Bank Opened for BJP Leader: मुरैना में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दौरे के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने वीआईपी संस्कृति और सरकारी संस्थानों के उपयोग को लेकर बहस छेड़ दी है। आरोप है कि जिस बैंक के दरवाजे आम ग्राहकों के लिए निर्धारित समय के बाद बंद हो जाते हैं, उसी बैंक को रात करीब साढ़े आठ बजे नेताओं की सुविधा के लिए खोला गया।
जानकारी के अनुसार भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर 'युवा संवाद' कार्यक्रम में शामिल होने मुरैना पहुंचे थे। कार्यक्रम जीवाजीगंज स्थित गर्ग सेवा सदन में आयोजित किया गया था। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर उर्फ रामू भैया सहित कई भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले श्याम टेलर समेत अन्य नेताओं का काफिला व्यवसायिक एवं औद्योगिक सहकारी बैंक के सामने रुका। इसके बाद बैंक के मुख्य गेट और अंदर के दरवाजों के ताले खोले गए। बताया जा रहा है कि श्याम टेलर, रामू भैया और उनके साथ मौजूद कुछ लोग बैंक परिसर के भीतर गए और करीब 8 से 10 मिनट बाद बाहर निकले।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि नेताओं को शौचालय उपयोग करने की आवश्यकता थी, जिसके चलते रात में बैंक खोला गया। हालांकि इस मामले में सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि कार्यक्रम स्थल गर्ग सेवा सदन बैंक से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध थीं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद बैंक प्रबंधन ने सफाई दी है। बैंक प्रबंधक अर्जुन सिंह परिहार ने कहा कि नेताओं के लिए केवल बैंक की गैलरी खोली गई थी और किसी को बैंक के मुख्य परिसर या संवेदनशील हिस्से में प्रवेश नहीं दिया गया। उनका कहना है कि शौचालय उपयोग के लिए अस्थायी रूप से व्यवस्था की गई थी।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में और लेट होगी मानसून की एंट्री, 25 जून तक पहुंचने की उम्मीद, आज कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कई लोग बैंक के अंदर तक गए थे। घटना के बाद राजनीतिक रसूख के इस्तेमाल और बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पूरे घटनाक्रम पर स्पष्ट जवाब की मांग कर रहे हैं।