Morena Bagchini Haveli Theft : मुरैना जिले के बागचीनी गांव में चोरों ने फिल्मी अंदाज में एक पुश्तैनी हवेली को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर साड़ी के सहारे हवेली की छत से आंगन में उतरे और एक ही परिवार के दो व्यापारियों के घरों में घुसकर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेटकर फरार हो गए। परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत 40 लाख रुपये से अधिक है। चोरों ने गांव के पोस्ट ऑफिस के ताले भी तोड़े, लेकिन वहां उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार दीपक अग्रवाल और प्रकाश अग्रवाल अपने परिवारों के साथ बागचीनी स्थित पुश्तैनी हवेली के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। बुधवार रात परिवार के लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। गुरुवार सुबह करीब छह बजे उनकी नींद खुली तो कमरों की कुंडियां और ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जबकि अलमारियों और सूटकेस को चोर पूरी तरह खंगाल चुके थे।
चोरी की वारदात के तरीके ने पुलिस और ग्रामीणों को भी चौंका दिया। चोर हवेली की छत से साड़ी बांधकर आंगन में उतरे थे। साड़ी में जगह-जगह गांठें लगी हुई थीं, जिससे नीचे उतरने में आसानी हो सके। इसके बाद आरोपियों ने कटर की मदद से कमरों की कुंडियां काटीं और अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक सूटकेस छत पर मिला, जबकि कुछ सामान घर के पीछे बिखरा पड़ा था।
दीपक अग्रवाल के घर से चोरों ने 18 लाख रुपये नकद के अलावा छह पुश्तैनी सोने की मोहर, 12 अंगूठियां, तीन हार, झुमकी, टॉप्स, सोने की चूड़ियां, नाक के आभूषण और करीब 500 ग्राम चांदी के जेवर चोरी किए। परिवार के अनुसार नकदी और जेवर पानी के कैंपर में रखकर अलमारी में रखे गए थे, लेकिन चोर कैंपर भी साथ ले गए। बाद में वह घर के पीछे पड़ा मिला।
वहीं प्रकाश अग्रवाल के घर से 25 हजार रुपये नकद, करीब सात तोला सोने की सीतारानी और लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद चोरों ने बागचीनी पोस्ट ऑफिस के ताले भी तोड़ दिए और अंदर तलाशी ली, लेकिन वहां उन्हें कागजों और दस्तावेजों के अलावा कुछ नहीं मिला। सुबह ग्रामीण ने टूटे ताले देखकर डाकपाल को सूचना दी।
बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटा रही है। एक ही रात में हवेली और पोस्ट ऑफिस को निशाना बनाए जाने से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के सामने अब चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की चुनौती है।