Highlights :
जीतू पटवारी ने भाजपा के 600 से ज्यादा नेताओं के कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा किया।
मौजूदा और पूर्व विधायक, सांसद और जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल होने के इच्छुक बताए।
कांग्रेस में प्रवेश का फैसला पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी करेगी।
600 BJP Leaders in Congress Contact : एमपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। इसी बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुरैना में बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा के 600 से ज्यादा नेता और पदाधिकारी कांग्रेस के संपर्क में हैं। इनमें मौजूदा और पूर्व विधायक, सांसद, जिला अध्यक्ष और पूर्व जिला अध्यक्ष तक शामिल हैं। पटवारी के मुताबिक ये नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं लेकिन पार्टी में किसे प्रवेश दिया जाएगा इसका फैसला कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी करेगी। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि RSS की विचारधारा से जुड़े लोगों को कांग्रेस में जगह नहीं दी जाएगी।
जीतू पटवारी रविवार को मुरैना में आयोजित संभाग स्तरीय दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। सर्किट हाउस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
पटवारी ने प्रदेश सरकार को दिशाहीन बताते हुए आरोप लगाया कि एमपी में 52 तरह के माफिया सक्रिय हैं और सरकार उनके दबाव में काम कर रही है। उन्होंने नकली खाद की फैक्ट्री और खाद की कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुए कृषि मंत्री के क्षेत्र का भी जिक्र किया। पटवारी ने आरोप लगाया कि शराब, रेत और खाद माफिया को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने ये भी दावा किया कि कलेक्टर, एसपी और थानों तक बिना लेनदेन के काम नहीं होता। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने इसे 'अलीबाबा और 40 चोरों की सरकार' बताया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने गेहूं 2700 रुपए और धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल खरीदने 10 घंटे बिजली देने और पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने का वादा किया था लेकिन सरकार इन वादों पर खरी नहीं उतरी। पटवारी ने कहा कि प्रदेश का किसान अब जागरूक हो चुका है और आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार को जवाब देना चाहता है।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बात करते हुए पटवारी ने कहा कि भाजपा के 600 से ज्यादा नेता और पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। इनमें विधायक, पूर्व विधायक, सांसद और जिला स्तर के पदाधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी को भी सीधे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी जिस व्यक्ति को अनुमति देगी उसी को शामिल कराया जाएगा। पटवारी ने दोहराया कि RSS की विचारधारा से जुड़े लोगों को कांग्रेस में जगह नहीं मिलेगी।
जीतू पटवारी ने बताया कि 26 दिसंबर को भोपाल में वोट चोरी के खिलाफ जन जागरण अभियान के तहत बड़ा आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश की हर विधानसभा से एक हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने अपने क्षेत्रों में वोट चोरी चौपाल के कार्यक्रमों को मजबूती से आयोजित करने की अपील की। मीडिया से चर्चा के बाद पटवारी संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए शहनाई रिजॉर्ट रवाना हो गए।