Fortuner Accident Morena: मुरैना जिले के अंबाह में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने अचानक साइकिल सवार आ जाने से तेज रफ्तार फार्च्यूनर का संतुलन बिगड़ गया और कार दो-तीन पलटियां खाते हुए सूखी नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार यूट्यूबर और कोचिंग संचालक पीयूष शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक मामूली रूप से घायल हुए हैं। हादसा वित्त का पुरा पुलिया के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में अंग्रेजी की कोचिंग चलाने वाले पीयूष शर्मा यूट्यूबर भी थे। गुरुवार दोपहर वह अपने चार दोस्तों के साथ कमतरी हनुमान मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने जा रहे थे। सभी पांचों युवक फार्च्यूनर कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि वित्त का पुरा की नहर पुलिया के पास अचानक सामने एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार को संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। फार्च्यूनर सड़क से नीचे उतरकर दो-तीन पलटियां खाते हुए सूखी नहर में जा गिरी।
हादसे के वक्त कोचिंग संचालक पीयूष शर्मा कार की साइड वाली सीट पर बैठे थे और खिड़की का कांच खुला हुआ था। कार के पलटने के दौरान उनका सिर बाहर निकलकर जमीन से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस भयानक सड़क हादसे में कार में सवार आदित्य गुदैनिया, अरविंद शर्मा, नवनीत उपाध्याय और सागर बाथम को मामूली चोटें आई हैं। नहर में इन दिनों पानी नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, लेकिन पीयूष शर्मा की मौत ने परिवार, परिचितों और विद्यार्थियों को झकझोर दिया।
पीयूष शर्मा अंबाह में अंग्रेजी की कोचिंग संचालित करने के साथ यूट्यूब पर भी सक्रिय थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही शिक्षा जगत और विद्यार्थियों में शोक की लहर दौड़ गई। मुरैना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।