मुख्यमंत्री मोहन यादव नें मंत्रियों के साथ चंबल नदी की आरती की फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
मंदसौर

गांधीसागर में CM मोहन यादव ने की मां चंबल की आरती, 40.50 करोड़ के इको टूरिज्म प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन

Gandhi Sagar Chambal Aarti : सीएम मोहन यादव ने गांधीसागर में मंत्रियों के साथ मां चंबल की आरती की। इको टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन और उपज से उद्यम प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

सुधीर दंडोतिया, शाजेब खान

Highlights :

  • सीएम मोहन यादव ने गांधीसागर में मंत्रियों के साथ मां चंबल की आरती की।

  • 21 पुजारियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना संपन्न कराई।

  • पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को बिजली उत्पादन बढ़ाने की पहल बताया।

CM Mohan Yadav Chambal Aarti : सीएम मोहन यादव ने 18 नवंबर को मंदसौर के गांधीसागर में मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मां चंबल की विधि विधान से पूजा अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख समृद्धि, खुशहाली, शांति और निरंतर उन्नति की कामना की। आरती के दौरान दीपों की रोशनी, शंखनाद और चंबल मैया के जयघोष से नदी का तट भक्तिमय हो गया। उन्होंने 40.50 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाली गांधीसागर इको टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन भी किया।

21 पुजारियों ने कराई चंबल मैया की आरती

सीएम ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज में सवार होकर टेंट सिटी बोट क्लब तक यात्रा की। इस दौरान उन्होंने चंबल नदी की जलधारा, आसपास के प्राकृतिक परिवेश और जलाशय के मनोरम दृश्यों को देखा। इसके बाद मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट और बटुकों सहित 21 पुजारियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना और आरती संपन्न कराई।

कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने चंबल नदी को स्वच्छ रखने जल का सदुपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।

सीएम बोले चंबल नदी मालवा की संस्कृति और जीवनरेखा

आरती के बाद सीएम ने कहा कि चंबल नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा है। क्षिप्रा नदी चंबल में मिलती है और चंबल की धारा आगे यमुना में जाकर मिलती है। उन्होंने कहा कि चंबल के बिना यमुना की धारा अधूरी है। मंदसौर, नीमच, राजस्थान के धौलपुर और मध्यप्रदेश के भिंड मुरैना क्षेत्र को हजारों वर्षों से चंबल मैया का आशीर्वाद मिलता रहा है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि नदी में घड़ियाल और डॉल्फिन का भी बसेरा है। उन्होंने इनके संरक्षण के साथ नदी की स्वच्छता और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

40.50 करोड़ से विकसित होंगे इको टूरिज्म के पांच प्रोजेक्ट

सीएम ने एमपी टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन कार्यक्रम के तहत 40.50 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाली गांधीसागर इको टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया। गांधीसागर क्षेत्र में पहले से फॉरेस्ट रिट्रीट, टेंट सिटी, वॉटर स्पोर्ट्स और साहसिक गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।

पंप्ड हाइड्रो परियोजना से बिजली उत्पादन बढ़ाने की तैयारी

मीडिया से चर्चा में सीएम ने गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बांध का निर्माण आजादी के तुरंत बाद हुआ था और उस समय यहां बिजली उत्पादन की बड़ी परियोजना शुरू की गई थी।

अब जलराशि का बेहतर उपयोग करने के लिए पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज की नई तकनीक पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस तकनीक से बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और एक ही जल भंडारण का बार-बार उपयोग कर बिजली बनाई जा सकेगी।

उद्यम प्रदर्शनी किया शुभारंभ

सीएम ने गांधीसागर में आयोजित उपज से उद्यम प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसमें जिले के किसानों के कृषि नवाचार, नई तकनीक, खाद्यान्न, फलोद्यान और मसाला उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। धनिया, मूंगफली, लहसुन, संतरा और पान क्लस्टर के स्टॉल के साथ औषधि और दुग्ध उत्पादन से जुड़े उत्पाद भी रखे गए। महिला स्व सहायता समूहों और युवाओं के स्वरोजगार से जुड़े प्रयासों को भी प्रदर्शनी में जगह दी गई।

Cyclone Akvan: कौन था राक्षस अकवान, जिसके नाम पर रखा गया चक्रवात का नाम? पढ़ें 1000 साल पुरानी कहानी

Kal Ka Mausam: 110 KM की रफ्तार से आगे बढ़ रहा तूफान अक्वान, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

केट मिडलटन ने मुंबई के मैटरनिटी अस्पताल का किया दौरा, प्रिंस विलियम के बिना पहुंचीं प्रिंसेस ऑफ वेल्स

पहले 2020, फिर 2035, अब 2047...इसके बाद 3000 आएगा! विकसित भारत के लक्ष्य पर राहुल का तंज

लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की तारीफ, कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा