President Droupadi Murmu Visit Omkareshwar: विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर खंडवा स्थित ओंकारेश्वर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के तहत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में सिकल सेल रोग की रोकथाम, जांच और उपचार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह सहित कई मंत्री, सांसद और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों की गतिविधियों की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, आयुष, जनजातीय कार्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सिकल सेल उन्मूलन मिशन से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इसमें स्क्रीनिंग अभियान, जेनेटिक काउंसलिंग, निःशुल्क उपचार व्यवस्था, मोबाइल मेडिकल यूनिट और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। राष्ट्रपति ने अधिकारियों से चर्चा कर मिशन के क्रियान्वयन और प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा प्रयासों की सराहना की।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, वन स्टॉप सेंटर, पोषण आहार योजना और हेल्पलाइन 181 जैसी प्रमुख योजनाओं का भी प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रपति ने इन कल्याणकारी योजनाओं को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिकल सेल मित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाया। इस अवसर पर सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वर्ष 2047 तक इसके उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
ये भी पढ़ें : सियासी दूरी के बीच शिवराज का बर्थडे विश: राहुल गांधी को बधाई देकर चर्चा में आए पूर्व CM, अपनों ने साधी चुप्पी
अधिकारियों ने बताया कि सिकल सेल एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं हंसिए के आकार की हो जाती हैं और शरीर में ऑक्सीजन प्रवाह प्रभावित होता है। इसके उन्मूलन के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर जांच, उपचार और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।