खंडवा में होटल के नॉनवेज खाने में मिला मरा हुआ चूहा (सोर्स- सोशल मीडिया)
खण्डवा

खंडवा: होटल के नॉनवेज खाने में मिला मरा हुआ चूहा, परिवार में मचा हड़कंप; बच्चे की तबीयत बिगड़ी

Dead Rat Found In Hotel Food: खंडवा में होटल के नॉनवेज खाने में मिला मरा हुआ चूहा। खाना खाते ही बच्चे की बिगड़ी तबीयत, हुई उल्टियां। पीड़ित परिवार ने सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत।

नितिन झवर, सजल रघुवंशी

Dead Rat Found In Non-Veg Food Khandwa: खंडवा में होटल से पैक कराकर घर ले जाए गए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। कंचनवाली वार्ड निवासी सलमान खान के परिवार ने कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से नॉनवेज खाना पैक कराया था।

घर पहुंचने के बाद परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान सलमान के बेटे को खाने में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। उसने उसे खींचकर बाहर निकाला तो उसमें मरा हुआ चूहा मिला। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए।

खाना खाने के बाद बच्चे को होने लगी उल्टियां

परिजनों के मुताबिक, सलमान के बेटे और बेटी ने खाना खाया था। इसके कुछ देर बाद बेटे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे दो-तीन बार उल्टियां हुईं। बच्चे की हालत देखकर परिवार घबरा गया और उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार किया। परिवार का कहना है कि खाने में चूहा मिलने के बाद से वे बेहद चिंतित हैं। घटना का वीडियो भी परिजनों ने बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में है।

वीडियो सामने आने के बाद मामले ने पकड़ा तूल

मामले को लेकर सलमान खान ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित होटल संचालक के खिलाफ जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई। पैक खाने में मरा हुआ चूहा मिलने की घटना ने होटल और खाद्य पदार्थों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर परिवार ने चिंता जताई है।

फूड सेफ्टी विभाग को शिकायत का इंतजार

मामले में फूड सेफ्टी अधिकारी राधेश्याम गोली ने बताया कि फिलहाल विभाग के पास इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार की शिकायत और सामने आए वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर नजर है। वहीं, घटना ने होटल से मिलने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

IMD Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, दिल्ली से मुंबई तक फैक्ट्री, दुकान और इमारतें आग की चपेट में

देश के कई राज्यों में आगजनी का तांडव: दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम और पटना तक मचा हड़कंप

देश का पहला निजी फ्यूजन रिएक्टर, ऊर्जा क्षेत्र में नई क्रांति की तैयारी; जानिए क्यों है यह खास

अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी, जानिए कौन हैं शिवांगी और उनके पति ऋषिकेश; क्या करते हैं काम?