Khandwa Ganesh Visarjan Accident : खंडवा जिले के ग्राम नहाल्दा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। गांव के पास स्थित खदान में प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी में उतरे पांच युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इनमें से तीन युवकों को मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो सगे भाइयों का पता नहीं चल सका। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात दोनों भाइयों के शव खदान से बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम नहाल्दा के पास स्थित खदान में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए लोग पहुंच रहे थे। इसी दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोंटू ठाकुर के पुत्र लक्ष्य (17) और विश्वास (18) अपने दोस्तों लकी, बबलू और जयसिंह के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी में उतरे। पांचों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने पानी में उतरकर बचाव किया और लकी, बबलू व जयसिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाव के दौरान लक्ष्य और विश्वास का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर होमगार्ड कमांडेंट सहित जवान घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। इसके बाद NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची।
होमगार्ड और NDRF की टीम ने नाव की मदद से खदान में दोनों भाइयों की तलाश की। कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। देर रात टीम ने लक्ष्य और विश्वास के शव खदान से बरामद कर लिए। इसके बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
बताया गया कि लक्ष्य कक्षा 10वीं और विश्वास कक्षा 12वीं के छात्र थे। दोनों सगे भाइयों की मौत की खबर से नहाल्दा और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद खंडवा विधायक कंचन मुकेश तंवर भी घटनास्थल पर पहुंचीं। वह करीब दो घंटे तक मौके पर मौजूद रहीं और रेस्क्यू अभियान की जानकारी लेती रहीं। वहीं खंडवा महापौर अमृता यादव भी घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं।