खंडवा : गांव में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब, महिलाएं बोलीं- सिर्फ कागजों में हो रही है कार्रवाई

Khandwa Women Complaint : खंडवा के गांवों में अवैध शराब बिक्री की शिकायत लेकर महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने स्कूल के सामने शराब बिकने और कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया।
Khandwa women protest against illegal liquor
अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शनफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Khandwa Illegal Liquor Sale : खंडवा में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कई गांवों की महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। संयुक्त महिला समिति की अध्यक्ष ममता मोर के नेतृत्व में रुस्तमपुर खुर्द, चरखेड़ा, श्रीवेल और आसपास के गांवों की महिलाएं शिकायत लेकर पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि गांवों में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांवों की गलियों में अवैध शराब की बिक्री लगातार जारी है। उनका कहना है कि कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात नहीं बदले हैं। महिलाओं ने कलेक्टर के सामने अपनी परेशानी रखते हुए गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

महिला समिति अध्यक्ष ने पीछा करने का लगाया आरोप

महिला समिति अध्यक्ष ममता मोर ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के बाद शराब ठेकेदारों से जुड़े लोगों द्वारा उनका पीछा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह रामपुर से अवैध शराब को लेकर समझाइश देकर लौटते समय एक बिना नंबर की कार ने उनका पीछा किया। उनके मुताबिक कार सिंगड़ से लहचूरा तक पीछे आई, जिसके बाद किसी तरह वह वहां से निकल सकीं।

गांव में अज्ञात बाइक सवारों के घूमने का भी दावा

ममता मोर के मुताबिक घटना के बाद उनके गांव में भी अज्ञात बाइक सवारों के घूमने और पीछा करने की बात सामने आई। उन्होंने इसे अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से जोड़ते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। हालांकि, ये सभी आरोप महिलाओं की ओर से लगाए गए हैं।

स्कूल के सामने शराब बिकने का आरोप

ग्राम सीरियल की सपना बाई, रुस्तमपुर की निर्मला बाई, बिनोदपुर की शीला बाई और चरखेड़ा की लक्ष्मीबाई ने भी गांवों की स्थिति बताई। महिलाओं का आरोप है कि कई स्थानों पर खुलेआम शराब बेची जा रही है। रुस्तमपुर में स्कूल के सामने ही शराब का ठिकाना संचालित होने का दावा भी महिलाओं ने किया।

Khandwa women protest against illegal liquor
इंदौर में जर्जर मकान गिरने से बड़ा हादसा, 4 महिलाओं की मौत, मंत्री तुलसी सिलावट ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

महिलाओं ने सवाल उठाया कि यदि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है तो गांवों में खुलेआम हो रही बिक्री पर रोक क्यों नहीं लग रही? उन्होंने खंडवा कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का कहना है कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री बंद कराई जानी चाहिए और शिकायतों पर प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com