सुदीप सोहनी और उनकी फिल्म (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया) 
खण्डवा

खंडवा के फिल्मकार सुदीप सोहनी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान, स्टुटगार्ट फिल्म फेस्टिवल में पहुंची 'जग्गू और मागाहारी'

Jaggu Aur Magahari:खंडवा के फिल्मकार सुदीप सोहनी की लघु फिल्म 'जग्गू और मागाहारी' का जर्मनी के प्रतिष्ठित स्टुटगार्ट इंडियन फिल्म फेस्टिवल में यूरोपियन प्रीमियर होगा। यह MP से चयनित एकमात्र फिल्म है।

प्रीतेश जैन

Khandwa Filmmaker Sudip Sohni : खंडवा के युवा फिल्मकार सुदीप सोहनी की लघु फिल्म 'जग्गू और मागाहारी' का यूरोपियन प्रीमियर जर्मनी के प्रतिष्ठित स्टुटगार्ट इंडियन फिल्म फेस्टिवल में होने जा रहा है। 23 से 26 जुलाई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 25 जुलाई को स्टुटगार्ट के इनेनस्टेडकिनोस सिनेमा में सुबह 11 बजे चिल्ड्रेन पर्सपेक्टिव खंड के अंतर्गत फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद निर्देशक सुदीप सोहनी दर्शकों से विशेष संवाद भी करेंगे।

इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में मध्य प्रदेश से चयनित होने वाली यह एकमात्र फिल्म है। फिल्मब्यूरो बेडन-वुर्टेमबर्ग द्वारा आयोजित यह फेस्टिवल वर्ष 2004 से लगातार आयोजित किया जा रहा है और इसे यूरोप में भारतीय सिनेमा के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में गिना जाता है।

गढ़वाली और हिंदी में है फिल्म

करीब 25 मिनट की अवधि वाली 'जग्गू और मागाहारी' गढ़वाली और हिन्दी भाषा में बनी एक संवेदनशील फिल्म है। इसकी कहानी आठ वर्षीय बालिका जग्गू के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पालतू खरगोश खो जाता है। पिता को टिफिन पहुंचाने के दौरान उसकी मुलाकात पहाड़ों में आए एक अनजान शहरी व्यक्ति से होती है। दोनों के बीच विकसित होने वाला रिश्ता कठिन पहाड़ी जीवन, मासूम बचपन और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है।

सुदीप ने पुणे से की फिल्म की पढ़ाई

खंडवा में जन्मे सुदीप सोहनी ने प्रारंभिक शिक्षा शहर में प्राप्त करने के बाद भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII), पुणे से फिल्म निर्माण की पढ़ाई की। उन्होंने मुंबई की कई प्रमुख विज्ञापन एजेंसियों के साथ काम किया और लोकप्रिय टीवी धारावाहिक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के कलाकार दिलीप जोशी और दिशा वाकानी के साथ आई डोनेशन जागरूकता अभियान का निर्देशन भी किया।

अमेरिकी OTT पर आ चुकी है यादों में गणगौर फिल्म

इससे पहले उनकी डॉक्यूमेंट्री 'यादों में गणगौर' अमेरिका के ओटीटी प्लेटफॉर्म Heritage पर प्रदर्शित हो चुकी है। इसके अलावा 'जग्गू और मागाहारी' का भारतीय प्रीमियर जनवरी 2026 में कलकत्ता चिल्ड्रन्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसके बाद नई दिल्ली, लखनऊ और भोपाल के प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में भी इसे सराहना मिली।

भोपाल में रहकर कर रहे हैं काम

सुदीप सोहनी वर्तमान में राजधानी भोपाल में रहकर फिल्म निर्माण के साथ 'सिनेकारी' मंच के माध्यम से मध्य प्रदेश के सिनेमा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। जर्मनी में उनकी फिल्म का प्रदर्शन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि खंडवा और पूरे मध्य प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

हेमंत कैबिनेट के 53 बड़े फैसले: 100 उत्कृष्ट स्कूल, 606 थानों में CCTV, मेडिकल कॉलेजों को करोड़ों की सौगात

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, महाराष्ट्र में समंदर के नीचे से पहाड़ों तक, एक साथ चल रहा काम

FREMAA Recruitment 2026: IT असिस्टेंट समेत 12 पदों पर भर्ती, 40,000 तक सैलरी; 6 सितंबर तक करें आवेदन

आंध्र प्रदेश में खौफनाक वारदात, श्रीशैलम के लॉज में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 3 दिन से बंद था कमरा

क्या राजनीति छोड़ रहे हैं नितिन गडकरी? संन्यास की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री ने तोड़ी चुप्पी, जानिए पूरा सच