माउस खराब होने की वजह से नीट-पीजी परीक्षा दोबारा आयोजित कराने वाली याचिका खारिज
कोर्ट ने माना कि परीक्षा के वक्त तकनीकी खराबी का कोई ठोस प्रमाण नहीं
छात्रा जयश्री पाटीदार ने दायर की थी याचिका।
NEET PG Mouse Malfunction Incident: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्यपीठ में माउस खराब होने की वजह से नीट-पीजी की परीक्षा दोबारा आयोजित कराने वाली याचिका पर आज बड़ा फैसला आया है। दरअसल, एग्जाम के समय कंप्यूटर का माउस सही से नहीं चल पाने और इसकी वजह से अभ्यर्थी का समय बर्बाद होने के दावे करने वाली छात्रा की याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
न्यायमूर्ति विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने सुनवाई के बाद यह साफ किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी एक अभ्यर्थी के लिए अलग से दोबारा परीक्षा कराने का निर्देश नहीं दिया जा सकता है। हाईकोर्ट ने यह भी माना है कि परीक्षा के समय तकनीकी खराबी की शिकायत तत्काल किए जाने का कोई भी ठोस दस्तावेजी प्रमाण सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि, धार जिले की निवासी छात्रा जयश्री पाटीदार ने 30 अगस्त 2026 को प्रशांति इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बने परीक्षा केंद्र पर नीट-पीजी की परीक्षा दी थी। छात्रा ने यह भी गंभीर आरोप लगाया था कि एग्जाम के दौरान उसे उपलब्ध कराया गया कंप्यूटर माउस खराब हो गया था। जिस वजह से उसका समय बर्बाद हुआ और वह कई प्रश्न हल नहीं कर सकी। इसी आधार पर उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दोबारा परीक्षा आयोजित कराने की मांग की थी।
याचिकाकर्ता ने कथित तकनीकी खराबी की पुष्टि करने के लिए परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज, कंप्यूटर सिस्टम के अभिलेख और परीक्षा निरीक्षक की रिपोर्ट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड प्रस्तुत कराने का अनुरोध किया था। उसका कहना था कि इन रिकॉर्ड के जरिए परीक्षा के दौरान हुई परेशानी की असल स्थिति सामने आ सकती है। राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जान्हवी पंडित ने अदालत में पक्ष रखा।
सुनवाई के दौरान युगलपीठ ने पाया कि परीक्षा के समय माउस खराब होने की शिकायत केंद्र प्रभारी से तत्काल किए जाने का कोई ठोस दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध नहीं है। अदालत ने यह भी गौर किया कि अभ्यर्थी ने परीक्षा में सभी प्रश्न हल करने का प्रयास किया था। ऐसे में परीक्षा समाप्त होने के बाद किए गए दावे के आधार पर उसे दोबारा परीक्षा का अवसर देना उचित नहीं माना गया।